यूपी: फतेहपुर में गंगा में बहकर आए आधा दर्जन शवों का प्रशासन ने कराया अंतिम संस्कार

भाषा भाषा
उत्तर प्रदेश Updated On :

फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में गंगा नदी में बहकर आये छह शव बरामद किए गए। प्रशासन ने शवों का अंतिम संस्कार कराया है। जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने सोमवार बताया कि गंगा नदी में शव तैर रहे थे। सूचना के बाद शवों को निकालकर उनका अंतिम संस्कार किया गया।

फतेहपुर सदर तहसील के उपजिलाधिकारी (SDM) प्रमोद झा ने बताया कि रविवार सुबह गंगा नदी में शवों के बहकर आने की सूचना मिली थी। इसके बाद स्टीमर के जरिये गंगा नदी में तलाशी अभियान शुरू कर छह अज्ञात लोगों के शव निकाले गये।

उन्होंने बताया कि रविवार देर शाम चिकित्सकों के एक दल ने निर्धारित दिशा निर्देशों के अनुसार भिटौरा गंगा घाट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया है। शव दूर-दराज से बह कर आये हैं और कई दिन पुराने लग रहे थे। शवों की पहचान नहीं हो पाई है।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की नदियों में शवों के बहकर आने का मामला कोई नया नहीं है। इससे पहले गाजीपुर, बलिया, उन्नाव तथा कई अन्य जिलों में नदियों में बड़ी संख्या में शव बहकर आये थे।



Related