नई दिल्ली। डोप के दाग से मुक्त राष्ट्रमंडल खेलों की दो बार की स्वर्ण पदक विजेता भारोत्तोलक संजीता चानू को अंतत: प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार मिलेगा जो 2018 से रुका हुआ है। खेल मंत्रालय के सूत्रों ने पुष्टि की है कि चानू को 2018 के दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार अर्जुन पुरस्कार मिलेगा। उच्च न्यायालय ने चयन समिति को चानू के नाम पर विचार करने को कहा था और अपने फैसले को सीलबंद लिफाफे में रखने को कहा था जिसे चानू के डोपिंग के आरोपों से मुक्त होने की स्थिति में ही खोला जाना था।
मामला उच्च न्यायालय में लंबित रहने के दौरान मई 2018 में वह प्रतिबंधित पदार्थ के लिए पॉजिटिव पाई गई थी। लेकिन उच्च न्यायालय ने उसी साल अगस्त में अपने आदेश में समिति को पुरस्कार के लिए उनके नाम पर विचार करने का निर्देश दिया था और अपने फैसले को सीलबंद लिफाफे में रखने को कहा था जब तक कि डोप आरोपों के खिलाफ उनकी अपील पर फैसला लंबित रहे।
अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन महासंघ (आईडब्ल्यूएफ) ने पिछले महीने चानू के खिलाफ डोपिंग के आरोप हटा दिए थे। मणिपुर की यह भारोत्तोलक इस दौरान मानसिक परेशानी का सामना करने के लिए आईडब्ल्यूएफ से मुआवजा मांगने की योजना बना रही हैं।
आईडब्ल्यूएफ ने विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) की सिफारिश के आधार पर चानू को आरोप मुक्त किया था जिसके बाद राष्ट्रीय महासंघ ने खेल मंत्रालय को पत्र लिखकर उच्च न्यायालय के आदेश का पालन करने को कहा। भारतीय भारोत्तोलन महासंघ के महासचिव ने भी पीटीआई को पुष्टि की है कि चानू को अर्जुन पुरस्कार मिला है।
अधिक जानकारी दिए बिना उन्होंने कहा, ‘‘इसकी पुष्टि हो चुकी है, संजीता को 2018 का अर्जुन पुरस्कार मिलेगा। ’’ छब्बीस साल की चानू ने 2014 और 2018 में लगातार दो राष्ट्रमंडल खेलों में क्रमश: 48 और 53 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीते थे। चानू ने 2016 और 2017 में अर्जुन पुरस्कार के लिए आवेदन किया था लेकिन दोनों मौकों पर उनकी अनदेखी की गई।
Related
-
टीम इंडिया ने मोहसिन नकवी के हाथ से नहीं ली एशिया कप की ट्रॉफी, पाकिस्तान सरेआम हुआ बेइज्जत
-
PCB ने कब्जे में लिए पाकिस्तानी खिलाड़ियों के फोन, मैच फिक्सिंग की लगी भनक?
-
स्मृति मंधाना की नजर अब इस ‘वर्ल्ड रिकॉर्ड’ पर, पाकिस्तान के खिलाफ लिखेंगी नया इतिहास
-
बेन स्टोक्स बने BBL इतिहास के सबसे महंगे प्लेयर, बाबर आजम का रिकॉर्ड तोड़ा
-
विनेश फोगाट का एशियन गेम्स खेलने का टूटा सपना, सेमीफाइनल में 6-4 से मिली हार
-
वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, गुजरात के खिलाफ खास ‘शतक’ लगाकर बना दिया ‘वर्ल्ड रिकॉर्ड’
-
मुंबई इंडियंस से अलग हुए हार्दिक पांड्या तो KKR में होंगे शामिल?
-
ICC अध्यक्ष जय शाह ने पाकिस्तान और बांग्लादेश पर साधा निशाना?
