भारत महिला एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंच चुका है। मगर आज की जीत टीम इंडिया के खिलाड़ियों को सबसे अधिक आत्मसंतुष्टि प्रदान कर रही होगी, क्योंकि सामने पाकिस्तान होगा। आज भारत-पाक मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से शुरू होगा। एक बार फिर दुनिया की नजर स्मृति मंधाना पर होंगी, जिनके अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 10880 रन हैं, जो दुनिया में सबसे ज्यादा हैं।
स्मृति मंधाना ने हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ 124 रनों की शतकीय पारी खेली थी। इससे उन्होंने ना केवल महिला अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बल्कि सबसे ज्यादा शतक (18) का विश्व रिकॉर्ड भी बनाया था। इसके अलावा भी उन्होंने उस शतकीय पारी के दौरान की सारे रिकॉर्ड बनाए थे।
एक और वर्ल्ड रिकॉर्ड
दरअसल स्मृति मंधाना महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में अभी दूसरे नंबर पर हैं। पाकिस्तान के खिलाफ 78 रन बनाते ही इस लिस्ट में भी मंधाना सबसे आगे निकल जाएंगी। अभी अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स के नाम हैं, जिन्होंने 4758 रन बनाए। वहीं मंधाना अब तक 4681 रन बना चुकी हैं। यह वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के लिए भारतीय सलामी बल्लेबाज को 78 रनों की जरूरत है।
महिला टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन
4758 रन – सूजी बेट्स (न्यूजीलैंड)
4681 रन – स्मृति मंधाना (भारत)
4231 रन – हरमनप्रीत कौर (भारत)
4094 रन – चमारी अटापट्टू (श्रीलंका)
महिला एशिया कप 2026 पर नजर डालें तो भारत, पाकिस्तान, हॉन्ग कॉन्ग और थाईलैंड ग्रुप ए में मौजूद हैं। अब तक अपने दोनों मैच जीत चुकी टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। पाकिस्तान आज का मैच हार भी जाता है तो भी वह सेमीफाइनल में जा सकता है।
भारतीय टीम ने पहले मैच में थाईलैंड को 94 रनों से हराया था, वहीं दूसरे मैच में हॉन्ग कॉन्ग को 137 रनों के अंतर से शिकस्त दी। खासतौर पर भारतीय बल्लेबाजों ने टूर्नामेंट में कहर बरपाया है। स्मृति मंधाना पूरे टूर्नामेंट में 143 रन बना चुकी हैं और टॉप बल्लेबाजों की सूची में सबसे ऊपर हैं। वहीं 92 रन बना चुकीं शेफाली वर्मा दूसरे स्थान पर हैं।
भारत-पाकिस्तान हेड टू हेड
महिला टी20 क्रिकेट में भारत और पाकिस्तान की टक्कर 17 बार हुई है, जिनमें 14 बार टीम इंडिया ने बाजी मारी है और पाकिस्तान केवल 3 बार जीत दर्ज कर सका है। मंधाना के पास मौका होगा कि वो टी20 क्रिकेट में पाकिस्तान के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय खिलाड़ी बन जाएं। मिताली राज ने टी20 में पाकिस्तान के खिलाफ 315 रन बनाए थे, जबकि मंधाना पाकिस्तान के खिलाफ 307 रन बना चुकी हैं।
