कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव में 90 फीसदी से अधिक हुआ मतदान


कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव को लेकर कुल 40 पोलिंग स्टेशन के 68 पोलिंग बूथ पर मतदान हुआ। वहीं अब मतदान के बाद मतपेटियों को दिल्ली लाया जाएगा। फिर 19 को मतगणना होगी और कांग्रेस को नया गैर गांधी अध्यक्ष मिल जाएगा।


नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
देश Updated On :

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव को लेकर सोमवार को हुए मतदान में कुल 9497 डेलीगेट्स ने मतदान किए हैं। वहीं कांग्रेस मुख्यालय में कुल 87 डेलीगेट्स ने मतदान किया। हालांकि मतदान के दिन किसी तरह की गड़बड़ी भी सामने नहीं आई है।

केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के चेयरमैन मधुसूदन मिस्त्री ने मीडिया को बताया कि, 9915 डेलीगेट्स में से 9497 डिलीगेट्स ने वोट डाले हैं। करीब 96 फीसदी वोटिंग हुई है। हालांकि उन्होंने यह भी साफ कर दिया है जिन छोटी जगहों पर मतदान हुए वहां पर 100 फीसदी मतदान किया है। वहीं बड़े पोलिंग सेंटर पर 90 फीसदी से अधिक मतदान हुआ है।

कांग्रेस मुख्यालय में 87 डेलिगेट्स ने मतदान किया, इनमें सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह शामिल थे।

मधुसूदन मिस्त्री ने अन्य पार्टियों पर तंज कसते हुए कहा, जो लोग कांग्रेस की लोकतांत्रिकता की बात करते हैं उन्हें हम से सीखना चाहिए, हमारा मतदान आज एक उदाहरण है।

कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव को लेकर कुल 40 पोलिंग स्टेशन के 68 पोलिंग बूथ पर मतदान हुआ। वहीं अब मतदान के बाद मतपेटियों को दिल्ली लाया जाएगा। फिर 19 को मतगणना होगी और कांग्रेस को नया गैर गांधी अध्यक्ष मिल जाएगा।

कांग्रेस पार्टी में यह चुनाव करीब 22 साल बाद हुए इससे पहले सोनिया गांधी बनाम जितेंद्र प्रसाद मुकाबला हुआ था, जिसे सोनिया ने आसानी से जीत लिया था। अबकी बार गांधी परिवार सक्रिय राजनीति में रहते हुए अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ रहा। इससे पहले 2017 में राहुल गांधी दिसम्बर महीने में निर्विरोध अध्यक्ष बने थे।

इसके साथ ही कांग्रेस पार्टी में छठी बार है कि कांग्रेस के 137 साल के इतिहास में अध्यक्ष पद के लिए आंतरिक रूप से चुनाव हो रहा है। 1939, 1950, 1997 और 2000 का उल्लेख किया है लेकिन 1977 में भी चुनाव हुए थे जब कासू ब्रह्मानंद रेड्डी निर्वाचित हुए थे।

मप्र में 26 कांग्रेस प्रतिनिधियों ने नहीं किया मतदान

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए मतदान प्रक्रिया संपन्न हो गई। मध्य प्रदेश के 502 प्रदेश प्रतिनिधियों में से 476 ने मतदान किया, 26 मतदान करने नहीं पहुॅचे। इस तरह लगभग 95 फीसदी मतदाताओं ने मतदान में हिस्सा लिया।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में सोमवार केा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई। मतदान सुबह 10 बजे से प्रारंभ होकर शाम चार बजे तक चला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने मतदान प्रक्रिया प्रारंभ होते ही मतदान किया।वहीं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित 12 प्रतिनिधियों ने राज्य से बाहर मतदान किया।

अभा कांग्रेस संगठन के प्रदेश निर्वाचन अधिकारी आर.सी. खुंटिया ने बताया कि मप्र में कुल 502 प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधि (पीसीसी डेलीगेट) हैं, इनमें से 464 डेलीगेट ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में अपने मताधिकार का उपयोग किया। 12 डेलीगेट ने अनुमति प्राप्त कर अन्य स्थानों पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं 26 डेलीगेट ने वोट नहीं डाला। अन्य राज्यों से पीआरओ, एपीआरओ और डीआरओ के रूप में मध्यप्रदेश आये सात डेलीगेट ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

खुंटिया ने बताया कि कांग्रेस संगठन का यह चुनाव मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच है। खड़गे की ओर से अशोक सिंह, जे.पी. धनोपिया, महेन्द्र सिंह और श्री अजय चौरड़िया पोलिंग एजेंट थे, जबकि थरूर की ओर से राजकुमार सिंह, संतोष सिंह परिहार, जितेन्द्र मिश्रा और अर्जुन शर्मा पोलिंग एजेंट थे।

खुंटिया ने बताया कि अनुमति लेकर दिग्विजय सिंह, विवेक तन्खा, मीनाक्षी नटराजन, वीरेन्द्र द्विवेदी, राजेन्द्र मिश्रा, नीलांशु चतुवेर्दी, सत्यनारायण पटेल, हरपाल ठाकुर, प्रतापभानु शर्मा, उमेश शर्मा, शोभा ओझा, सुश्री प्रतिभा रघुवंशी ने अन्य स्थानों पर मतदान किया।

उन्होंने बताया कि मतपेटियां सील कर दी गई हैं और मतगणना के लिए अभा कांग्रेस कमेटी के कार्यालय दिल्ली भेजी जा रही है।



Related