दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने होली के मौके पर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया के आवास पर पार्टी नेताओं और समर्थकों के साथ होली मनाई। इस दौरान पार्टी के कई बड़े नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। माहौल पूरी तरह उत्सव और रंगों से भरा हुआ नजर आया।
होली के मौके पर आम आदमी पार्टी के नेता आतिशी, संजय सिंह, मनीष सिसोदिया समेत कई नेता और कार्यकर्ता एक साथ दिखाई दिए। सभी ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं में भी काफी उत्साह देखने को मिला और सभी ने मिलकर त्योहार का आनंद लिया।
इस मौके पर अरविंद केजरीवाल ने सभी देशवासियों को होली की बधाई दी और कहा कि यह त्योहार लोगों के जीवन में खुशियां और रंग लेकर आए।
अरविंद केजरीवाल ने कहा, “होली की शुभकामनाएं यह त्यौहार सबके जीवन में रंग लेकर आए। आम आदमी पार्टी और उसका नेतृत्व जिसके साथ बहुत बड़ा अन्याय और षड्यंत्र रचा गया था जो कि कोर्ट से साबित हो गया कि आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार पार्टी है और सभी नेता कट्टर ईमानदार है।”
उन्होंने कहा कि पार्टी और उसके नेताओं के खिलाफ लंबे समय से आरोप लगाए गए, लेकिन अब अदालत के फैसलों से सच्चाई सामने आ चुकी है।
होली के मौके पर अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में शराब की दुकानों के खुले रहने को लेकर भी बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले त्योहारों के दिन शराब की दुकानें बंद रहती थीं ताकि कोई भी व्यक्ति शराब पीकर हुड़दंग न करे।
अरविंद केजरीवाल ने कहा, “बहुत दुख की बात है की होली के मौके पर भी शराब की दुकान खुली हुई है। सालों से त्योहार पर शराब की दुकान बंद हुआ करती थी ताकि शराब पीकर लोग हुडदंग ना करें लेकिन आज होली के मौके पर जब कई सालों से दुकान बंद होती थी तो बीजेपी ने शराब की दुकान खोलकर बहुत गलत किया है।”
होली के इस कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का संदेश दिया। रंग, गुलाल और खुशियों के बीच सभी ने त्योहार मनाया और एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।
