मेघालय में कोरोना के 49 नए मामले, संक्रमित लोगों में एसएसबी के 17 जवान भी

भाषा भाषा
देश Updated On :

शिलांग। मेघालय राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के 49 नए मामले सामने आने के साथ ही बुधवार को राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या 1,506 तक पहुंच गई। नए मामलों में सीमा सुरक्षा बल के 17 जवान भी शामिल हैं। स्वास्थ्य सेवा निदेशक अमन वार ने कहा कि संक्रमण के नए मामलों में से पूर्वी खासी हिल्स में 47 और उत्तरी गारो में दो मामले सामने आये।

उन्होंने कहा, नए मरीजों में सीमा सुरक्षा बल के 17 जवान भी शामिल हैं। निदेशक के मुताबिक, नौ लोगों को संक्रमणमुक्त होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जिसके साथ ही अब तक 694 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में अब तक छह मरीजों की इस घातक वायरस के कारण मौत हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि मेघालय में फिलहाल 806 मरीज उपचाराधीन हैं। पूर्वी खासी हिल्स जिले में सर्वाधिक 492 मरीज उपचाराधीन हैं जबकि पश्चिमी गारो हिल्स जिले में 189 और रि-भोई में 95 मरीज उपचाराधीन हैं। वार ने कहा, पूर्वी खासी हिल्स जिले में उपचाराधीन 492 मरीजों में 174 सुरक्षाकर्मी शामिल हैं।