नई दिल्ली। हाल ही संसद में पेश हुए कृषि विधेयकों विधेयकों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन लगातार जारी है। हालांकि राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने रविवार को तीन कृषि विधेयकों को मंजूरी दे दी है। सोमवार की सुबह दिल्ली के सबसे हाई सिक्योरिटी जोन के अंतर्गत आने वाले इंडिया गेट के नजदीक कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने एक ट्रैक्टर जला दिया। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावेड़कर ने इसे कांग्रेस का नाटक बताया है। दिल्ली में ट्रैक्टर जलाने पर केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा, ‘कांग्रेस कार्यकर्ता ट्रक में ट्रैक्टर लाए और इंडिया गेट के पास जलाया। यही कांग्रेस का नाटक। इसलिए कांग्रेस को लोगों ने सत्ता से बेदखल किया।’
कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने ट्रक में ट्रेक्टर लाए और इंडिया गेट के पास जलाया। यही है कांग्रेस का नाटक। इसलिए कांग्रेस को लोगों ने सत्ता से बेदखल किया। https://t.co/uPOFizT3KR
— Prakash Javadekar (@PrakashJavdekar) September 28, 2020
ट्रैक्टर को आग के हवाले करने के आरोप में पुलिस ने 5 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए सभी लोग पंजाब के रहने वाले हैं। इन सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान मनजोत सिंह, रमनदीप सिंह सिंधू, राहुल, साहिब और सुमित के रुप में की गई है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए सभी य़ुवक खुद को पंजाब यूथ कांग्रेस के नेता बता रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, इन पांचों लोगों के अलावा एक इनोवा कार को भी जब्त किया गया है। सोमवार सुबह साढ़े सात बजे के करीब 15 से 20 संख्या में कुछ लोग किसान बिल के विरोध में इंडिया गेट के पास एकत्रित हुए। वो अपने साथ एक पुराना ट्रैक्टर लेकर आए थे। टाटा 407 से उन्होंने ट्रैक्टर को नीचे उतारा और उसे आग के हवाले कर दिया। किसान कानून के विरोध में इन लोगों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। युवक अपने साथ भगत सिंह की तस्वीर लेकर आए थे।