भगवंत मान को 3 घंटे तक दिल्ली एयरपोर्ट पर रोका गया! 50 हजार का जुर्माना भी लगाया

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
दिल्ली Updated On :

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पेरिस से वापस आ रहे थे तभी देर रात उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर रोक कर रखा गया। यह दावा आम आदमी पार्टी ने किया है। AAP के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने जानकारी दी है कि सीएम भगवंत मान पंजाब के उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए पेरिस गए थे। वहां से लौटने पर उन्हें एयरपोर्ट पर रोक लिया गया।

बलतेज पन्नू ने यह जानकारी देते हुए केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री पंजाबियों का अपमान करने का कोई मौका नहीं छोड़ते। दिल्ली एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री भगवंत मान को रात में तीन घंटे तक रोके रखा गया। इसके पीछे यही खुन्नस थी कि प्रधानमंत्री के मना करने के बावजूद वे कोर्ट के आदेश पर पेरिस क्यों गए? उन पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगा दिया गया।”

‘पेरिस में सीएम मान को सम्मान देने से भी किया मना’

पंजाब AAP के जनरल सेक्रेटरी और मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने नाराजगी जताते हुए कहा, “सबसे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान की विदेश यात्रा में रुकावटें पैदा कीं। फिर उनके पंजाब लौटने पर भी ऐसा ही किया। वह भी बिना किसी ठोस वजह के। उन्होंने भारतीय दूतावास के अधिकारियों को निर्देश तक दे दिए कि वे मुख्यमंत्री मान को वह सम्मान और प्रोटोकॉल न दें, जिसके वे हकदार हैं। इतना ही नहीं, उनके लौटने पर उन्हें तीन घंटे तक परेशान किया गया और फिर उन पर 50,000 रुपये का जुर्माना लगा दिया गया। इसके बाद इसे ‘दबाव’ का बहाना देकर सही ठहराया गया। यह सब सिर्फ इसलिए हुआ क्योंकि भगवंत मान पंजाब के मुख्यमंत्री हैं।”

बलतेज पन्नू ने आगे कहा, “सरहद पर डेढ़ साल तक किसानों को बैठाकर रखा, पंजाब के कई फंड भी रोक दिए गए। इसके बाद पंजाब के मुख्यमंत्री को एक बार नहीं बल्कि चार-चार बार विदेश जाने की इजाजत नहीं दी गई। केंद्र सरकार नहीं चाहती कि पंजाब के सीएम पंजाब के हित के लिए विदेश से फंड ला सकें।”

पार्टी नेता ने कहा, “सीएम मान हाई कोर्ट के निर्देश पर विदेश गए थे। हाई कोर्ट ने भी कहा कि प्रोटोकॉल के तहत वह जा सकते हैं। इसके बावजूद हुआ यह कि वहां के अधिकारी सीएम मान से मिलने तक नहीं आए। पंजाब के मुख्यमंत्री पेरिस गए, ताकि विश्व के दूसरे सबसे बड़े फूड फेस्टिवल में पंजाब के प्रोडक्ट लॉन्च कर सकें। वो यहां के राजमा और छोले दुनियाभर के सामने पेश करने गए थे।”

सौरभ भारद्वाज ने भी केंद्र पर बोला जुबानी हमला

वहीं, दिल्ली आप के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी इस मसले पर सोशल मीडिया पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा, “भगवंत मान को भारत के हवाई अड्डे पर करीब 3 घंटे तक रोका गया। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पेरिस गए ताकि वहां पंजाब के उत्पादों को पेश कर सकें। यह तब हुआ जब उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा NOC न दिए जाने के फैसले को चुनौती दी थी। केंद्र का यह अहंकार खत्म होना चाहिए। दशहरा पर तो रावण का अहंकार भी खत्म हो गया था।”

आप मीडिया इंचार्ज ने दावा किया कि पंजाब के सीएम को तीन घंटे तक बिना बात ही एयरपोर्ट पर रोक कर रखा गया। उन्हें रोकने के लिए बहाने बनाए गए कि उनका सामान रुका हुआ है, अभी आ रहा है, चेक किया जा रहा है।

तीन घंटे बाद जब उन्हें कहा गया कि अब वह जा सकते हैं तो पीछे से एक अफसर आए और उन्हें बताया कि उनपर प्रेशर बहुत ज्यादा है। केस कर के कुछ चालान देने पड़ेगा। इसके बाद 50 हजार का चालान लगाया गया।

आज तक कभी ऐसा हुआ है कि किसी प्रदेश के मुख्यमंत्री को तीन घंटे तक एयरपोर्ट पर रोककर रखा जाए और चालान काटा गया? यह सिर्फ इसलिए हुआ क्योंकि वो पंजाब के सीएम हैं, पंजाबी हैं और पंजाब के भले के लिए कुछ करना चाहते हैं। केंद्र सरकार नहीं चाहती कि पंजाब किसी मामले में तरक्की करे।



Related