CORONA UPDATE : देश में कोविड-19 के 36,401 नए मामले दर्ज, 530 मरीजों की मौत

देश में जारी कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान पिछले 24 घंटों में 36,401 नए मामले दर्ज हुए हैं।

नई दिल्ली। देश में जारी कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान पिछले 24 घंटों में 36,401 नए मामले दर्ज हुए हैं। जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,23,22,258 हो गई। वहीं 530 और मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 4,33,049 हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बृहस्पतिवार को जारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 3,64,129 रह गई है, जो 149 दिनों में सबसे कम है और संक्रमण के कुल मामलों का 1.13 फीसदी है, जो मार्च 2020 के बाद सबसे कम है।

पिछले 24 घंटे की अवधि में इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या में 3,286 की कमी आई। मंत्रालय ने बताया कि बुधवार को 18,73,757 नमूनों की जांच हुई, जिसके बाद अब तक कुल नमूनों की जांच की संख्या बढ़कर 50,03,00,840 हो गई। दैनिक संक्रमण दर 1.94 प्रतिशत दर्ज की गई। पिछले 24 दिनों से यह तीन फ़ीसदी से नीचे रही है।

मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक कोविड-19 टीकों की कुल 56.64 करोड़ खुराक दी गई हैं। भारत में कोविड-19 मामलों का आंकड़ा सात अगस्त, 2020 को 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख को पार कर गया था।

वहीं यह आकड़ा 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख को पार कर गया था। इसने 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ का आंकड़ा पार किया था। देश में संक्रमण के मामलों की संख्या चार मई को दो करोड़ और 23 जून को तीन करोड़ के आंकड़े को पार कर गई थी।

First Published on: August 19, 2021 10:55 AM
Exit mobile version