CORONA UPDATE : देश में कोविड-19 के 9,765 नए मामले दर्ज, 477 मरीजों की मौत

पिछले 24 घंटे के दौरान उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 740 का इजाफा हुआ है।

नई दिल्ली। देश में पिछले 24 घंटे के दौरान कोविड-19 के 9,765 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,46,06,541 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 99,763 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा बृहस्पतिवार को जारी आंकड़े से यह जानकारी मिली।

सुबह आठ बजे अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, 477 और मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 4,69,724 हो गई है। इनमें केरल में 403 मरीजों की मौत हुई है। केरल सरकार द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य में मौत के 403 मामलों में से 96 मामले पिछले कुछ दिनों में सामने आए।

वहीं, मौत के 307 मामलों को केन्द्र तथा उच्चतम न्यायालय के नए दिशा-निर्देशों के आधार पर कोविड-19 से मौत के मामलों में जोड़ा गया है।

स्वास्थ्य मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार दैनिक संक्रमण दर 0.89 प्रतिशत है। यह पिछले 59 दिन से दो प्रतिशत से कम बनी हुई है। साप्ताहिक संक्रमण दर 0.85 प्रतिशत है जो बीते 18 दिनों से एक प्रतिशत से कम है।

संक्रमण से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 3,40,37,054 हो गई है जबकि मृत्यु दर 1.36 प्रतिशत है। देश में राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान शुरू होने के बाद से अब तक कोविड-19 रोधी टीके की 124.96 करोड़ से अधिक खुराक दी गई है।

देश में 477 और मरीजों की मौत हुई, उनमें 28 महाराष्ट्र से हैं। आंकड़ों के अनुसार, देश में अब तक संक्रमण से 4,69,724 लोगों की मौत हुई है, जिनमें महाराष्ट्र के 1,41,025, केरल के 40,535, कर्नाटक के 38,213, तमिलनाडु के 36,492, दिल्ली के 25,098, उत्तर प्रदेश के 22,911 और पश्चिम बंगाल के 19,498 लोग शामिल हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अब तक जिन लोगों की कोरोना वायरस संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।

First Published on: December 2, 2021 12:24 PM
Exit mobile version