अब ‘नमो ऐप’ पर भाजपा की विचारधारा को आगे बढ़ाने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं की प्रेरक कहानियां

प्रधानमंत्री मोदी ने खुद सिलसिलेवार ट्वीट कर कहा कि इसके लिए नमो ऐप पर ‘कमल पुष्प’ नाम से एक खंड बनाया गया है।

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने और उसे आम जन के बीच लोकप्रिय बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले कार्यकर्ताओं के जीवन से जुड़ी प्रेरक कहानियां अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक ‘नमो ऐप’ पर उपलब्ध होंगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने खुद सिलसिलेवार ट्वीट कर यह जानकारी दी और कहा कि इसके लिए इस ऐप पर ‘कमल पुष्प’ नाम से एक खंड बनाया गया है।

मोदी ने कहा, ‘‘नमो ऐप में एक ‘कमल पुष्प’ नाम का एक खंड है, जो जन संघ से लेकर वर्तमान तक पार्टी की विचारधारा को लोकप्रिय बनाने वाले कार्यकर्ताओं की प्रेरक कहानियों के बारे में जानने और उसे साझा करने का मौका देता है।’’ उन्होंने लोगों से इस खंड में योगदान देकर ‘कमल पुष्प’ को समृद्ध बनाने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने भाजपा के लिए जीवन समर्पित कर देने वाले कुछ कार्यकर्ताओं की कहानी भी साझा की, जिनमें उत्तराखंड के पंडित देवेंद्र शास्त्री और कर्नाटक के एस मल्लिकार्जुनैया शामिल हैं।

शास्त्री जन संघ के सह संस्थापक और स्वतंत्रता सेनानी रहे हैं जबकि मल्लिकार्जुनैया कर्नाटक के तुमकुर से सांसद और लोकसभा के उपाध्यक्ष भी रहे हैं।

First Published on: October 26, 2021 12:57 PM
Exit mobile version