झारखंड में नक्सलियों ने किया IED विस्फोट, CRPF के तीन जवान शहीद

चाईबासा। झारखंड में चाईबासा जिले के टोकलो थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार की सुबह नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर एक आईईडी विस्फोट किया जिसमें तीन जवान शहीद हो गये जबकि दो जवान घायल हो गये हैं। झारखंड जगुआर के शहीद जवानों की पहचान हेड कांस्टेबल देवेंद्र कुमार, कांस्टेबल हरद्वार शाह और कांस्टेबल किरण सुरीन के रूप में की गयी है।

पुलिस ने बताया कि टोकलो थाना क्षेत्र के लांजी जंगल में सुबह हुए बारूदी सुरंग विस्फोट में नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए गठित झारखंड जगुआर के तीन जवान शहीद हो गये जबकि जगुआर बल और सीआरपीएफ का एक-एक जवान घायल हो गया। इन जवानों को हेलीकॉप्टर से बेहतर इलाज के लिए रांची लाया गया है।

उन्होंने बताया कि पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर नक्सलियों की तलाश की जा रही है। इस क्षेत्र में सुरक्षा बल नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए गये थे। अब तक मुठभेड़ में किसी नक्सली के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।

First Published on: March 4, 2021 5:04 PM
Exit mobile version