गांधी जयंती पर पीएम मोदी ने राजघाट पर महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि, विजय घाट पर शास्त्री को किया नमन

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
देश Updated On :

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर राजघाट पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। देशभर में गांधी जयंती के मौके पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शांति, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश को याद किया गया।

प्रधानमंत्री मोदी ने राजघाट स्थित महात्मा गांधी की समाधि पर आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा में भी हिस्सा लिया। इसके बाद उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर विजय घाट पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कई नेताओं ने राजघाट पहुंचकर किया नमन

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी राजघाट पर आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा में हिस्सा लिया और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने विजय घाट पहुंचकर लाल बहादुर शास्त्री को भी नमन किया।

दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की।

राष्ट्रपति मुर्मू ने गांधी के शांति और अहिंसा के संदेश को किया याद

गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में जारी युद्ध और संघर्ष के बीच गांधीजी का शांति और अहिंसा का संदेश आज और भी प्रासंगिक हो गया है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत 2047 तक विकसित भारत के राष्ट्रीय लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है और विकास के साथ सहानुभूति एवं समावेशन जैसे मूल्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने इसे गांधीजी के ‘सर्वोदय’ के आदर्श से जोड़ते हुए सभी के कल्याण और उत्थान की भावना पर जोर दिया।

गांधी जयंती से 31 अक्टूबर तक चलेगा स्वच्छता अभियान

केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने गांधी जयंती से सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती यानी 31 अक्टूबर तक देशभर में 30 दिवसीय स्वच्छता अभियान चलाने की अपील की।

उन्होंने नागरिकों के साथ-साथ सरकारी और निजी संस्थानों, शिक्षण संस्थानों, गैर-सरकारी संगठनों और अन्य संगठनों से इस अभियान में भाग लेने का आह्वान किया।

राजस्थान के जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सचिवालय में महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी श्रद्धांजलि दी।

हरियाणा के गुरुग्राम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वच्छ भारत अभियान में हिस्सा लिया और लोगों से शहर को स्वच्छ रखने की अपील की। वहीं आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छाथॉन 2026 का आयोजन किया गया।

2 अक्टूबर को मनाई जाती है गांधी जयंती

महात्मा गांधी का जन्म 2 अक्टूबर 1869 को गुजरात के पोरबंदर में हुआ था। उनकी जयंती हर वर्ष गांधी जयंती के रूप में मनाई जाती है। संयुक्त राष्ट्र ने 2 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में भी घोषित किया है।

इसी दिन देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भी मनाई जाती है। उनका जन्म 2 अक्टूबर 1904 को उत्तर प्रदेश के मुगलसराय में हुआ था। उन्होंने 1964 से 1966 तक भारत के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया। शास्त्री ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे और कृषि क्षेत्र तथा आत्मनिर्भरता पर जोर देने के लिए याद किए जाते हैं।



Related