सपा ने की राममनोहर लोहिया को भारत रत्न देने की मांग

नई दिल्ली। राज्य सभा में समाजवादी पार्टी (सपा) के एक सदस्य ने प्रख्यात समाजवादी नेता राममनोहर लोहिया तथा बीजू जनता दल के एक सदस्य ने स्वाधीनता सेनानी एवं ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘‘भारत रत्न’’ देने से सम्मानित किए जाने की मांग की।

उच्च सदन में शून्यकाल के दौरान सपा के विशम्भर प्रसाद निषाद ने कहा कि राममनोहर लोहिया ने देश की आजादी के लिए लंबा संघर्ष किया और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के साथ दांडी यात्रा और भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लिया।

उन्होंने कहा, ‘‘लोहिया जी के बारे में जितना कहा जाए, वह कम है। उन्हें तो बहुत पहले ही भारत रत्न मिल जाना चाहिए था। हमारे नेता मुलायम सिंह यादव ने भी कई दफा यह मांग संसद में उठाई है।’’

निषाद ने कहा कि 23 मार्च को लोहिया की 111वीं जयंती है और सरकार को इस अवसर पर उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करना चाहिए। उन्होंने कहा, मैं मांग करता हूं कि सरकार लोहिया जी को उनकी 111वीं जयंती पर भारत रत्न से नवाजने का काम करे।

First Published on: March 17, 2021 2:34 PM
Exit mobile version