आज का इतिहास : स्वामी विवेकानंद का जन्म, इस दिन हर साल मनाया जाता है राष्ट्रीय युवा दिवस, जानिए 12 जनवरी की प्रमुख घटनाएं


 1893 में स्वामी विवेकानंद ने अमेरिका के शिकागो में हुई, विश्व धर्म संसद में यादगार भाषण दिया था।


भाषा भाषा
देश Updated On :

नई दिल्ली। आज ही के दिन यानी 12 जनवरी 1863 को महान संत और दार्शनिक स्वामी विवेकानंद का जन्म हुआ था। स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में हर वर्ष देश 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है।

विवेकानंद संत रामकृष्ण परमहंस के शिष्य थे। उन्होंने अपने गुरु की याद में रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन की स्थापना की। वह वेदांत और योग पर भारतीय दर्शन से पश्चिमी दुनिया का परिचय कराने वाली प्रमुख हस्ती थे। इसी के साथ ही उन्हें 19वीं सदी के अंत में हिंदू धर्म को दुनिया के प्रमुख धर्मों में स्थान दिलाने का श्रेय जाता है।

25 वर्ष की उम्र लिया संन्यास

1881 में विवेकानंद की मुलाकात रामकृष्ण परमहंस से हुई और उनसे प्रभावित होकर उनकी दीक्षा ले ली। इसके बाद 25 साल की उम्र में विवेकानंद ने संन्यास ले लिया। संन्यास लेने के बाद उनका नाम स्वामी विवेकानंद पड़ा। वहीं इसी बीच 1886 में उनके गुरु रामकृष्ण परमहंस का निधन हो गया था।

शिकागो में दिया यादगार भाषण

 1893 में स्वामी विवेकानंद ने अमेरिका के शिकागो में हुई, विश्व धर्म संसद में यादगार भाषण दिया था। दुनिया भर के धार्मिक नेताओं की मौजूदगी में जब विवेकानंद ने, ”अमेरिकी बहनों और भाइयों” के साथ जो संबोधन शुरू किया तो वहां कई मिनट तक तालियां बजती रहीं और इस वजह से वह पूरे विश्व में प्रसिद्ध हो गए।

स्वामी विवेकानंद ने 1897 में कोलकाता में रामकृष्ण मिशन की स्थापना की थी। इसके एक साल बाद उन्होंने गंगा नदी के किनारे बेलूर में रामकृष्ण मठ की स्थापना की। जहां उनका 04 जुलाई 1902 को महज 39 वर्ष की अल्पायु में निधन हो गया था।

जानिए देश और दुनिया में 12 जनवरी की महत्वपूर्ण घटनाएं :-

2010 : हैती में आए भूकंप में 2,00,000 से ज्यादा लोग मारे गए। इसमें शहर का एक बड़ा हिस्सा तबाह हो गया।

2009 : ए. आर. रहमान गोल्डन ग्लोब अवार्ड जीतने वाले पहले भारतीय बने।

2008 : कोलकाता के बाजार में लगी आग से सैकड़ों दुकानें क्षतिग्रस्त।

2007 : आमिर खान की फिल्म ‘रंग दे बसन्ती’ बाफ्टा के लिए नामांकित।

2005 : भारतीय सिनेमा के प्रसिद्ध अभिनेता और खलनायक अमरीश पुरी का निधन हुआ।

1984 : स्वामी विवेकानंद के जन्मदिन को राष्ट्रीय युवा दिवस के तौर पर मनाने का ऐलान।

1976 : जासूसी उपन्यासों की मशहूर लेखिका अगाथा क्रिस्टी का निधन।

1972 : पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की बेटी प्रियंका गांधी का जन्म 1972 को दिल्ली में हुआ।

1934 : भारत की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले क्रांतिकारी सूर्यसेन को 12 जनवरी 1934 को अंग्रेजों ने फांसी पर लटका दिया।

1931 : पाकिस्तान के मशहूर उर्दू शायर अहमद फराज का जन्म।

1908 : पेरिस स्थित एफिल टॉवर से पहली बार लंबी दूरी का वायरलेस संदेश भेजा गया।

1757 : पश्चिम बंगाल के बंदेल को ब्रिटिश शासकों ने पुर्तगालियों से छीना।

1708 : छत्रपति शाहू जी को मराठा शासक का ताज पहनाया गया।

1598 : राजमाता जीजाबाई का जन्म महाराष्ट्र के बुलढ़ाणा शहर में हुआ।