200 वीं जयंती पर उपराष्ट्रपति और लोकसभा अध्यक्ष ने ईश्वर चंद्र विद्यासागर को दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने समाज सुधारक और शिक्षाविद ईश्वर चंद्र विद्यासागर को उनकी 200 वीं जयंती पर शनिवार को श्रद्धांजलि दी और बाल विवाह की प्रथा को समाप्त करने के उनके प्रयासों को याद किया। उपराष्ट्रपति सचिवालय ने नायडू के हवाले से ट्वीट किया,“महान समाज सुधारक और शिक्षाविद ईश्वर चंद्र विद्यासागर को आज उनकी जयंती पर मेरी विनम्र श्रद्धांजलि। वे बहुआयामी प्रतिभा के धनी थे और उन्हें बाल विवाह के खिलाफ आवाज उठाने और विधवा विवाह शुरु करने के लिए याद किया जाता है।

वहीं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी शनिवार को प्रसिद्ध समाज सुधारक एवं स्वतंत्रता सेनानी ईश्वरचंद्र विद्यासागर की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि वह बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन देने, विधवा पुनर्विवाह जैसे सामाजिक पुनर्जागरण के सूत्रधार रहे।

बिरला ने ट्वीट किया, ‘‘प्रसिद्ध समाज सुधारक, शिक्षा शास्त्री एवं स्वतंत्रता सेनानी ईश्वरचंद्र_विद्यासागर की जयंती पर नमन।’’ लोकसभा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘उनके (ईश्वरचंद्र विद्यासागर) प्रयासों से बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन मिला व विधवा पुनर्विवाह कानून पारित हुआ, जिसने महिला सशक्तीकरण का मार्ग प्रशस्त किया। वह सामाजिक पुनर्जागरण के सूत्रधार रहे।’

First Published on: September 26, 2020 2:16 PM
Exit mobile version