
नई दिल्ली। भारत के सर्वोच्च खेल सम्मान खेल रत्न पुरस्कार का नाम राजीव गांधी खेल रत्न की जगह मेजर ध्यानचंद खेल रत्न रखने के फैसले का खेल जगत ने स्वागत किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह घोषणा की कि नागरिकों की भावनाओं का सम्मान करते हुए खेल रत्न पुरस्कार को अब मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार कहा जाएगा। जिस बात की जानकारी उन्होंने ट्वीट कर दी है।
देश को गर्वित कर देने वाले पलों के बीच अनेक देशवासियों का ये आग्रह भी सामने आया है कि खेल रत्न पुरस्कार का नाम मेजर ध्यानचंद जी को समर्पित किया जाए। लोगों की भावनाओं को देखते हुए, इसका नाम अब मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार किया जा रहा है।
जय हिंद!
— Narendra Modi (@narendramodi) August 6, 2021
तोक्यो ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीमों के शानदार प्रदर्शन के बाद इस सम्मान का नाम महान हॉकी खिलाड़ी के नाम पर रखने का फैसला लिया गया ।इस फैसले का भारतीय खेल जगत ने स्वागत किया है। केन्द्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि ध्यानचंद खेलों में भारत के सबसे बड़े नायक रहे है।
खेल मंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘मेजर ध्यानचंद जी ने अपने असाधारण खेल से विश्व पटल पर भारत को एक नई पहचान दी व अनगिनत खिलाड़ियों के प्रेरणास्रोत बने। जनभावना को देखते हुए खेल रत्न पुरस्कार को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार करने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का हार्दिक धन्यवाद।’’
Major Dhyan Chand is 🇮🇳India’s most legendary & loved sporting icons; it is only befitting that India’s Highest Sporting Honour be named after him.
His life and achievements have inspired generations of sportspersons who have achieved glory for India. https://t.co/O63pPWTFwy
— Anurag Thakur (@ianuragthakur) August 6, 2021
भारत के पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी से सांसद बने गौतम गंभीर ट्वीट किया, ‘‘ किसी (खेल) नायक का नाम पुरस्कार को और प्रतिष्ठित बनाता है।’’
Name of the icon makes the award even more iconic! #MajorDhyanChandKhelRatna pic.twitter.com/hjC385UeY5
— Gautam Gambhir (@GautamGambhir) August 6, 2021
ओलंपिक पदक विजेता पहलवान योगेश्वर दत्त ने भी इस कदम के लिए प्रधानमंत्री का शुक्रिया करते हुए कहा, ‘‘खेल के सबसे बड़े पुरस्कार खेल रत्न को देश के श्रेष्ठ खिलाड़ी और हॉकी के जादूगर ‘मेजर ध्यानचंद खेल रत्न’ रखने के फैसले के लिए मैं भारत सरकार और आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का हार्दिक धन्यवाद करता हूं।’’
पूर्व खेल मंत्री किरेन रीजीजू ने भी इस कदम के लिए प्रधानमंत्री का शुक्रिया करते हुए लिखा, ‘‘ धन्यवाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी हमेशा हमारे सच्चे नायकों का सम्मान करने और उन्हें पहचान देने के लिए। हमारे देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार कहा जाएगा। महान खिलाड़ी और भारतीय खेलों को सम्मानित करने के लिए एक सही श्रद्धांजलि। जय हिंद।’’
ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज विजेन्दर सिंह को हालांकि यह फैसला पसंद नहीं आया। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘‘ भाई ये नाम ही बदल सकते है थोड़े से दिन में भारत का भी नाम बदल कर अमेरिका कर देंगे ।’’