PCB ने कब्जे में लिए पाकिस्तानी खिलाड़ियों के फोन, मैच फिक्सिंग की लगी भनक? 

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पिछले दिनों कुछ ऐसे फैसले लिए, जिससे पूरी दुनिया में उनका मजाक बन रहा है। अब इंग्लैंड दौरे पर एक और अजीब चीज हुई है। पीसीबी ने नेशनल टीम के खिलाड़ियों के फोन जब्त कर लिए हैं। इसने कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या बोर्ड को किसी बड़े करप्शन या मैच फिक्सिंग की भनक लगी है।

पाकिस्तानी पत्रकार अंबर अली ने खुलासा किया है पाकिस्तानी खिलाड़ियों के फोन पीसीबी ने अपने कब्जे में ले लिए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी टेस्ट खत्म होने तक ये बोर्ड के पास ही रहेंगे। हालांकि अभी तक ये पता नहीं चला है कि पीसीबी ने किन-किन खिलाड़ियों के फोन लिए हैं, या सभी प्लेयर्स के मोबाइल जब्त किए हैं। बोर्ड ने भी इसको लेकर आधिकारिक रूप से नहीं बताया कि आखिर इस कदम के पीछे क्या वजह है।

इंटरनेशनल क्रिकेट में मैच के दौरान कई इलाकों में मोबाइल फोन के इस्तेमाल की इजाजत नहीं होती, इसको लेकर आईसीसी ने नियम भी बना रखे हैं। नियम के मुताबिक प्रतिबंधित इलाकों में जैसे ड्रेसिंग रूम, मैच के दौरान ग्राउंड पर, में खिलाड़ियों और स्पोर्ट स्टाफ के सदस्यों को मोबाइल फोन या दूसरे कम्युनिकेशन डिवाइस के इस्तेमाल की इजाजत नहीं होती।

प्रतिबंधित इलाकों में जाने से पहले खिलाड़ी अपने फोन को सुरक्षित जगह पर रखते हैं। इन नियमों के बनाने के पीछे का उद्देश्य खेल की निष्पक्षता बनाए रखना, मैचों के दौरान बातचीत रोकना, मैच फिक्सिंग की संभावनाओं को कम करना होता है। हालांकि पीसीबी द्वारा खिलाड़ियों से मोबाइल फोन लेना, इस नियम से अलग है।

इंग्लैंड दौरे में आखिरी टेस्ट से पहले पाकिस्तानी खिलाड़ियों के मोबाइल जब्त करने की खबर ने कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या पीसीबी को किसी बड़े करप्शन, मैच फिक्सिंग की खबर लगी है? क्या सभी खिलाड़ियों के फोन जब्त किए गए हैं या कुछ के? पीसीबी क्या जांच कर रही है?

बता दें कि ICC के भ्रष्टाचार-रोधी कोड के तहत, अगर अधिकारी के पास ठोस वजह हो कि कोई सामग्री जांच के लिए अहम हो सकती है, तो वह लिखित आदेश जारी कर किसी प्रतिभागी से मोबाइल डिवाइस सौंपने या जांचकर्ताओं को जानकारी कॉपी या डाउनलोड करने की इजाजत देने के लिए कह सकता है।

First Published on: September 6, 2026 9:32 AM
Exit mobile version