टीम इंडिया ने मोहसिन नकवी के हाथ से नहीं ली एशिया कप की ट्रॉफी, पाकिस्तान सरेआम हुआ बेइज्जत

भारतीय टीम ने श्रीलंका को हराकर महिला एशिया कप 2026 का खिताब जीत लिया। फाइनल में टीम इंडिया ने 72 रनों से जीत दर्ज की, लेकिन उसके बाद हाई-वोल्टेज ड्रामा हुआ। एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी खड़े-खड़े देखते रहे, लेकिन टीम इंडिया ने उनके हाथ से ट्रॉफी नहीं ली।

फाइनल मैच के बाद हुई प्रेजेंटेशन सेरेमनी में सिर्फ श्रीलंकाई खिलाड़ियों को मेडल और सम्मान दिया गया। दूसरी ओर टीम इंडिया मैच समाप्त होने के बाद सीधे ड्रेसिंग रूम चली गई थी और उन्हें कोई मेडल या ट्रॉफी नहीं मिली। इस घटना ने 2025 मेंस एशिया कप फाइनल के बाद का दृश्य याद दिलाया, लेकिन फर्क यह था कि इस बार मोहसिन नकवी ट्रॉफी अपने साथ लेकर नहीं गए।

भारत की जीत के बाद पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन शुरू होने में देरी हुई। प्रेजेंटेशन सेरेमनी देरी से तब शुरू हुई, जब पूर्व क्रिकेटर फरवीज महारुफ ने श्रीलंकाई टीम को स्टेज पर बुलाया, उन्हें मेडल दिए गए और ACC के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने श्रीलंकाई खिलाड़ियों को रनर-अप का चेक भेंट किया। नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के भी चेयरमैन हैं।

श्रीलंका के बाद सभी को उम्मीद थी कि टीम इंडिया स्टेज पर आएगी, लेकिन प्रेजेंटर फरवीज महारुफ ने अचानक कहा कि पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी यहीं समाप्त होती है। बता दें कि यह सब BCCI के वाइस प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला और बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया की मौजूदगी में हुआ। सैकिया ने कुछ देर तक भारतीय खिलाड़ियों से बात भी की। यह रिपोर्ट्स पहले ही सामने आ चुकी थीं कि टीम इंडिया मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी नहीं स्वीकार करेगी। देवजीत सैकिया और राजीव शुक्ला से मिलने के बाद टीम इंडिया ड्रेसिंग रूम में लौट गई थी।

2025 मेंस एशिया कप फाइनल के बाद मोहसिन नकवी ट्रॉफी ही अपने साथ लेकर मैदान से बाहर चले गए थे। इस बार ऐसा नहीं हुआ, क्योंकि श्रीलंकाई खिलाड़ियों को मेडल और रनर-अप का चेक देने के बाद वह मैदान से बाहर चले गए थे। वो इस बार ट्रॉफी लिए बिना ही चले गए। बाद में टीम के कोच अमोल मजूमदार ने खुलासा किया कि नकवी के हाथों से ट्रॉफी ना लेना पूर्णतः BCCI का फैसला था।

यह आठवीं बार है जब भारत ने महिला एशिया कप का खिताब जीता है। टीम इंडिया ने 72 रनों से एकतरफा जीत दर्ज करके श्रीलंका से 2024 के फाइनल की हार का बदला भी पूरा कर लिया। फाइनल मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 183 रन बनाए थे, जिसके जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 111 रन ही बना सकी।

First Published on: September 14, 2026 8:48 AM
Exit mobile version