नई दिल्ली। साहित्य अकादेमी द्वारा अंतर्राष्ट्रीय रूसी भाषा दिवस और प्रख्यात रूसी कवि एलेक्जेंडर पुश्किन की 227वीं जयंती के उपलक्ष्य में नई दिल्ली के मंडी हाउस स्थित फिरोजशाह रोड पर रवीन्द्र भवन के बाहर स्थापित उनकी प्रतिमा पर एक विशेष पुष्पांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिष्ठित अतिथियों द्वारा कवि को पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई, जिसमें विश्व साहित्य में उनके अद्वितीय योगदान को याद किया गया।
इस अवसर पर साहित्य अकादेमी के सचिव डॉ. वरुण गुलाटी भारत में रूसी दूतावास के अधिकारियों के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने भारत और रूस के बीच साहित्यिक व सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने वाली इस पहल की सराहना की। भारत में रूसी दूतावास के प्रेस सचिव श्री प्योत्र सिज़ोव, रूसी गृह (रशियन हाउस), नई दिल्ली की युवा परियोजनाओं की समन्वयक सुश्री अनास्तासिया इल्युशिना, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के रूसी अध्ययन केंद्र की पूर्व अध्यक्षा प्रो. रंजना बनर्जी, रूसी अध्ययन केंद्र के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सोनू सैनी सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों और संगठनों के छात्र व कई गणमान्य अतिथि इस उत्सव में शामिल हुए।
इस आयोजन के अंतर्गत 3 जून 2026 को ‘साहित्यिक अनुवाद’ पर एक संवादात्मक कार्यशाला का भी आयोजन किया गया था। इसके साथ ही, 5 जून 2026 को रशियन हाउस में पुश्किन के जीवन के महत्वपूर्ण क्षणों और रूसी साहित्यिक संस्कृति के विकास को प्रदर्शित करने वाली एक छायाचित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया।
