BJP के लिए COVID वहीं है, जहां ‘भारत जोड़ो यात्रा’ है : राहुल गांधी


कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र में सत्तारूढ़ दल भारत के अन्य भागों में जितनी चाहें उतनी जनसभाएं कर सकता है, लेकिन उसे केवल वहीं कोविड दिखाई देता है, जहां से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ गुजर रही है।


नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
हरियाणा Updated On :

फरीदाबाद (हरियाणा)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र में सत्तारूढ़ दल भारत के अन्य भागों में जितनी चाहें उतनी जनसभाएं कर सकता है, लेकिन उसे केवल वहीं कोविड दिखाई देता है, जहां से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ गुजर रही है। गांधी ने गुरुवार भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि वह कन्याकुमारी से कश्मीर तक की यात्रा को रोकने के लिए ‘‘बहाने” ढूंढ रही है। यात्रा इस समय हरियाणा में है और शनिवार को यह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रवेश करेगी।

गांधी ने शुक्रवार शाम एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘अब, (केंद्रीय) स्वास्थ्य मंत्री मुझे पत्र लिख रहे हैं कि कोविड वापस आ गया है, यात्रा बंद करो. शेष भारत में भाजपा जितनी चाहे जनसभाएं कर सकती है, लेकिन जहां ‘भारत जोड़ो यात्रा’ चल रही है, वहां कोरोना और कोविड है।”

इस सप्ताह की शुरुआत में, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने गांधी को पत्र लिखकर अनुरोध किया था कि यदि कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया जा सकता है तो वह यात्रा को स्थगित करने पर विचार करें।



Related