झारखंड: रामगढ़ में ट्रक और यात्री वाहन की टक्कर, 7 लोगों की मौके पर मौत

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
झारखंड Updated On :

झारखंड के रामगढ़ जिले में शुक्रवार (26 जून) की रात एक बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में 7 लोगों की जान चली गई है। वहीं एक गंभीर से घायल बताया जा रहा है। रामगढ़ जिले के राजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी के पास एक यात्री वाहन और ट्रक की टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना के अनुसार, रामगढ़ जिले के राजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी में रामगढ़-बोकारो रोड पर रात करीब 12 बजे एक ट्रक और एक यात्री वाहन की टक्कर हो गई। वाहन में सवार ताशा पार्टी के सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल है जिसे तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया। रामगढ़ पुलिस के अनुसार, इस दुर्घटना में मरने वालों में राजरप्पा थाना क्षेत्र के मरांगमार्चा के लोग भी शामिल हैं।

बता दें कि जिस ट्रक ने यात्री वाहन में टक्कर मारी है उसमें कोयला भरा हुआ था। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि 7 लोग मौके पर ही अपनी जान गंवा बैठे। इस हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। जिसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। सड़क जाम कर बैठे लोगों को पुलिस प्रशासन समझाने का काम कर रहा है। यह हादसा रामगढ़-बोकारो नेशनल हाईवे 23 पर हुआ है। ग्रामीणों द्वारा सड़क जाम करने की वजह से हाईवे पर लंबा जाम लग गया जिससे वाहनों की भी लंबी कतार लग गई।

इस दर्दनाक हादसे में यात्रियों से भरे वाहन के परखच्चे उड़ गए हैं। पुलिस ने आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसमें 1 शख्स को रांची के अस्पताल में रेफर किया गया है। डॉक्टर के मुताबिक 8 लोग अस्पताल लाए गए थे। जिसमें से 7 की मौत हो चुकी है और 1 को बेहतर इलाज के लिए आगे भेजा गया है।

फिलहाल पुलिस ने सभी मृतकों के शव कब्जे में ले लिए हैं। जिसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके बाद पुलिस मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंपेगी।

बता दें कि यह पहला हादसा नहीं है बीते बुधवार भी इसी हाईवे पर एक खतरनाक हादसा हुआ है। जिसमें एक ऑटो और बस की जबरदस्त टक्कर हुई है। इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई थी, वहीं 2 गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाके में लगातार हो रहे हादसों से स्थानीय लोगों में बेहद आक्रोश देखा जा रहा है।



Related