जबलपुर: मंदिर में तोड़फोड़ के बाद दो पक्षों में पथराव

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
मध्य प्रदेश Updated On :

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा थाना अंतर्गत आजाद चौक इलाके में गुरुवार की रात उस समय भारी बवाल हो गया जब मंदिर में आरती के दौरान युवक पर दूसरे समुदाय के लोगों ने हमला कर दिया। इतना ही नहीं उपद्रवी तत्वों ने दुर्गा मंदिर में घुसकर तोड़फोड़ भी की।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में सांप्रदायिक तनाव फैल गया देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए और दोनों तरफ से पथराव शुरू हो गया। जिसके बाद पुलिस को स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।​

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सिहोरा के वार्ड नंबर 5 स्थित आजाद चौक में स्थित दुर्गा मंदिर में आरती चल रही थी। इसी दौरान मंदिर का लाउडस्पीकर तेज बजाने को लेकर दूसरे समुदाय के लोगों ने आरती कर रहे युवक पर हमला कर दिया। मंदिर की ग्रिल तोड़ दी और अंदर घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी।

मंदिर में तोड़फोड़ की खबर आग की तरह पूरे सिहोरा में फैल गई जिसके बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। इस दौरान दोनों ही ओर से जमकर पत्थरबाजी शुरू हो गई। बता दें कि आजाद चौक इलाके में मस्जिद और दुर्गा मंदिर आमने-सामने स्थित हैं, इसलिए यह क्षेत्र पहले से ही संवेदनशील माना जाता रहा हैं।

उपद्रवियों ने न केवल मंदिर, बल्कि आसपास के कई घरों में भी जमकर तोड़फोड़ की, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हालात बेकाबू होते देख भारी पुलिस बल मौके पर तैनात है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और एसपी संपत उपाध्याय सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। कहीं से किसी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है। देर रात पुलिस ने 15 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस द्वारा घटना के बाद इलाके के हालातों पर नजर रखी जा रही है।



Related