मुंबई में एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने जांच का दायरा और तेज कर दिया है। शुरुआती तौर पर तरबूज खाने के बाद फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन अब तक की जांच में कोई स्पष्ट संदिग्ध कारण सामने नहीं आया है।
पुलिस ने इस मामले में तरबूज बेचने वाले व्यक्ति से भी विस्तृत पूछताछ की है। अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान विक्रेता के खिलाफ कोई भी संदिग्ध बात सामने नहीं आई है। इतना ही नहीं, उसी इलाके में किसी अन्य ग्राहक द्वारा तरबूज खाने के बाद बीमार होने या फूड पॉइजनिंग की कोई शिकायत भी दर्ज नहीं हुई है। इससे जांच और ज्यादा जटिल हो गई है और पुलिस अब हर एंगल से मामले को खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना घाटी गली पायधुनी इलाके की है जहां इस हादसे के बाद लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की अचानक मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का मानना है कि अगर यह सामान्य फूड पॉइजनिंग का मामला होता, तो आसपास के अन्य लोगों में भी ऐसे लक्षण सामने आते, लेकिन ऐसा नहीं हुआ है।
इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने मृतकों के विसरा सैंपल को केमिकल एनालिसिस के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और लैब जांच के नतीजे आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल जांच जारी है और पुलिस हर संभावित पहलू चाहे वह खाद्य विषाक्तता हो, किसी तरह की मिलावट हो या अन्य कारण को ध्यान में रखते हुए काम कर रही है। इस पूरे मामले में अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो इस रहस्यमयी घटना से पर्दा उठाने में अहम भूमिका निभाएगी।
