महाराष्ट्र की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। पार्टी द्वारा चुनाव आयोग को सौंपी गई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सूची में वरिष्ठ नेताओं प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल और सुनील तटकरे के नाम नहीं हैं, जिसके बाद से सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
दरअसल, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की ओर से 29 अप्रैल को चुनाव आयोग को राष्ट्रीय कार्यकारिणी और उनके दायित्वों से जुड़ी विस्तृत सूची भेजी गई थी। मीडिया में वायरल हो रहे इस लिस्ट में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा पवार के साथ महासचिव के रूप में पार्थ पवार और जय पवार के नाम शामिल हैं। हालांकि, लिस्ट में प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे जैसे वरिष्ठ नेताओं के नाम गायब दिखाई दे रहे हैं, जिससे कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
यह सूची फिलहाल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसको लेकर एनसीपी चीफ सुनेत्रा पवार ने सफाई पेश की है। सुनेत्रा पवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर स्पष्ट रूप से कहा कि इस लिस्ट में तकनीकी और क्लेरिकल त्रुटियां हैं। लिस्ट में सुधार किए जाने के बाद इसे दोबारा पब्लिश किया जाएगा।
सुनेत्रा पवार ने अपने पोस्ट में स्पष्ट किया कि यह केवल तकनीकी गलती है और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के नाम हटाने के पीछे कोई राजनीतिक कारण नहीं है।
इस लिस्ट में प्रफुल्ल पटेल का नाम गायब होने की चर्चा सबसे ज्यादा रही। प्रफुल्ल पटेल पार्टी के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अहम रणनीतिकार माने जाते हैं। एनसीपी के दिवंगत प्रमुख अजित पवार जब सियासी संघर्ष कर रहे थे, तब प्रफुल्ल पटेल उनके साथ थे। अजित पवार को सबसे ज्यादा भरोसा उन्हीं पर था। ऐसे में नई टीम में प्रफुल्ल पटेल का नाम ना होना सबको हैरान कर रहा था। हालांकि, सुनेत्रा पवार ने अब स्पष्ट कर दिया है कि नई लिस्ट जारी की जाएगी।
