महाराष्ट्र के मुंबई और पुणे सहित कई हिस्सों में सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन और यातायात व्यवस्था पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गई। वहीं भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 7 जुलाई को नासिक जिले में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। त्र्यंबकेश्वर, इगतपुरी, पेठ, दिंडोरी और नासिक ग्रामीण क्षेत्रों में अतिवृष्टि की आशंका के चलते प्रशासन अलर्ट पर है।
वहीं सुरक्षा कारणों सेत्र्यंबकेश्वर और सप्तश्रृंगी मंदिर को भी एक दिन के लिए बंद रखने का फैसला लिया गया है। नासिक कलेक्टर ने अपील की है कि जिन श्रद्धालुओं ने 7 जुलाई को त्र्यंबकेश्वर दर्शन की योजना बनाई है, वे फिलहाल अपनी यात्रा टाल दें, क्योंकि भारी बारिश के कारण आवागमन और दर्शन व्यवस्था प्रभावित होने की प्रबल संभावना है। इसी बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्थिति की समीक्षा की है और एहतियात के तौर पर इन 5 तालुकों के सभी स्कूल और कॉलेज बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार नासिक जिले के सुरगाना तालुका में भारी बारिश जारी है। इस बारिश के कारण ‘नार’ नदी ओवरफ्लो हो गई है। नदी पर बने फुटपाथ पुल के ऊपर से भी पानी बहने से ट्रैफिक बाधित हो गया है। अगले कुछ घंटों में भारी बारिश की उम्मीद है और प्रशासन ने नदी के किनारे रहने वाले नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।
इसके साथ ही महाराष्ट्र के 3 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है, ठाणे, नासिक और रायगढ में भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं मुंबई में आज भी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया और शहर के स्कूल-कॉलेज भी बंद रहेंगे। भारतीय नौसेना और एनडीआरएफ अलर्ट पर हैं।
वसई विरार में लोग मोमबत्तियों पर निर्भर हैं, पिछले 12 घंटे से बिजली नहीं है। इन्वर्टर खत्म होने से घर की महिलाओं को मोमबत्तियों के उजाले में खाना बनाना पड़ रहा है। इसके साथ ही नालासोपारा ईस्ट में साईं विनायक कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी में पिछले नौ घंटे से बिजली नहीं है और अभी भी बिजली का कोई अता-पता नहीं है। इसलिए यहां के लोग बहुत परेशान हैं।
वहीं लगातार बारिश के कारण नालासोपारा रेलवे स्टेशन के 3 और 4 नंबर ट्रैक अब भी जलमग्न हैं। ट्रैक पर पानी भरे होने की वजह से रेल परिचालन प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। रेलवे और संबंधित एजेंसियां पानी निकालने का काम कर रही हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर लें।
नवी मुंबई के उरण में JNPT के नवा शेवा फ्री पोर्ट टर्मिनल पर एक बड़े हादसे की खबर है। खबर है कि पोर्ट ऑपरेशन के दौरान एक कंटेनर जहाज से गिर गया, इस हादसे में एक मजदूर को गंभीर चोटें आईं। इस हादसे के तुरंत बाद इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमें मौके पर पहुंचीं। घायल मजदूर को मेडिकल ट्रीटमेंट के लिए भेज दिया गया है, इस हादसे की सही वजह अभी पता नहीं चली है।
पुणे जिले के पश्चिमी घाट क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण उजनी बांध में पानी की आवक तेजी से बढ़ गई है। दौंड बैराज से 1 लाख 45 हजार 561 क्यूसेक पानी भीमा नदी में छोड़ा जा रहा है, जिससे भीमा नदी अपने पूरे वेग के साथ बह रही है। पिछले 48 घंटों में उजनी बांध में करीब 4.25 टीएमसी पानी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
कोल्हापुर में पंचगंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है
कोल्हापुर जिले में पिछले छह दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण पंचगंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नदी का जलस्तर 35 फीट तक पहुंच गया है और अब यह चेतावनी स्तर की ओर बढ़ रही है। लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण पंचगंगा नदी कई स्थानों पर अपने किनारों से बाहर निकल आई है और आसपास के खेतों में पानी फैलने लगा है।
मुंबई को पानी की आपूर्ति करने वाले जलाशयों में जल भंडारण की बढ़ोतरी
वहीं मुंबई को पानी की आपूर्ति करने वाले जलाशयों में पिछले 24 घंटों में जल भंडारण में बड़ी बढ़ोतरी हुई है। फिलहाल मुंबई को पानी की आपूर्ति करने वाले सातों जलाशयों में कुल 28।92% पानी का भंडारण है। पिछले 24 घंटों में जल भंडारण में करीब 12 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। जलाशय क्षेत्रों में कल हुई मूसलाधार बारिश के कारण जल भंडारण में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
