केरल के वायनाड में जंगली हाथी ने महिला प्रोफ़ेसर को मार डाला

भाषा भाषा
दक्षिण भारत Updated On :

वायनाड। वायनाड जिले के मेप्पडी स्थित रिजॉर्ट में एक जंगली हाथी ने एक महिला पर्यटक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह स्तब्ध करने वाली घटना शनिवार रात आठ बजे वर्षावन स्थित रिजॉर्ट में हुई। जंगली हाथी की चिंघाड़ने की आवाज सुनकर महिला और दो अन्य लोग तंबू से बाहर आए तभी हाथी ने उन पर हमला कर दिया।

महिला पर्यटक का नाम शहाना था और वह कन्नूर की रहने वाली थी। वह कॉलेज में प्रवक्ता पद पर तैनात थी। उन्होंने बताया कि वह परिवार के दो सदस्यों के साथ रिजॉर्ट आई थी और तंबू में रह रही थी। उन्होंने बताया कि रिजॉर्ट जंगल के पास है जहां पर अक्सर जंगली हाथी आते हैं।

उन्होंने बताया कि दो अन्य लोग सुरक्षित भागने में कामयाब रहे लेकिन महिला की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि महिला को अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। वायनाड की जिलाधिकारी अदीला अब्दुल्ला ने रिजॉर्ट का दौरा किया और तहसीलदार से रिपोर्ट तलब की है।



Related