भारत का असली दुश्मन पाकिस्तान नहीं है। एक इंटरव्यू में अखिलेश यादव की ओर से दिए गए इस बयान को भारतीय जनता पार्टी ने मुद्दा बना लिया है। अब तक ‘जिन्ना’ वाले बयान पर सपा अध्यक्ष को घेर रही बीजेपी ने अब उन्हें ‘पाकिस्तान प्रेमी’ बताने में जुट गई है। दोनों ही पार्टियों में सियासी तंज जारी है।
अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को ट्वीट कर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि जिन्हें पाकिस्तान दुश्मन नहीं लगता, जिन्ना दोस्त लगता है। उनकी शिक्षा-दीक्षा और दृष्टि पर क्या ही कहा जाए।
जिन्हें पाकिस्तान दुश्मन नहीं लगता, जिन्ना दोस्त लगता है। उनकी शिक्षा-दीक्षा और दृष्टि पर क्या ही कहा जाए।
वे स्वयं को समाजवादी कहते हैं, लेकिन सत्य यही है कि इनके नस-नस में ‘तमंचावाद’ दौड़ रहा है।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) January 25, 2022
यूपी चुनाव जैसे-जैसे परवान चढ़ रहा है। आरोप-प्रत्यारोप का दौर बढ़ता जा रहा है। सभी राजनीतिक दल खुद को 10 फरवरी को होने वाले मतदान में आगे बता रहे हैं। भाजपा का दावा है कि पार्टी इस बार फिर से 300 से ज्यादा सीटें जीतने में कामयाब रहेगी।
मुख्यमंत्री योगी ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि एक कहावत है, “करें न धरें, तरकस पहने फिरें…” पूरे विपक्ष का यही हाल है! सत्ता में रहे तो कुछ करा न धरा, अब चुनाव के समय सब ‘तरकस’ पहने फिर रहे हैं।
एक कहावत है,
“करें न धरें, तरकस पहने फिरें…”
पूरे विपक्ष का यही हाल है!
सत्ता में रहे तो कुछ करा न धरा, अब चुनाव के समय सब ‘तरकस’ पहने फिर रहे हैं
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) January 25, 2022
आपको बता दें कि एक अखबार को दिए इंटरव्यू में अखिलेश यादव ने कहा कि पाकिस्तान भारत का असली दुश्मन नहीं है, बीजेपी वोटों के खातिर पाकिस्तान को निशाना बनाती है। अखिलेश यादव ने डॉ. राम मनोहर लोहिया और मुलायम सिंह यादव का हवाला देकर कहा कि भारत का असली दुश्मन चीन है, जबकि पाकिस्तान राजनीतिक दुश्मन है।
