मथुरा में चढ़ावे पर विवाद, CBI जांच की मांग करने वाले फलाहारी महाराज पर लगे आरोप


अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर पर चढ़ावे में हुई चोरी का मामला तूल पकड़ता हुआ नजर आ रहा है। इस बीच मथुरा के श्री कृष्ण जन्म स्थान पर आने वाले चढ़ावे को लेकर फलाहारी महाराज ने घोटाले का आरोप लगाया था। जिसको लेकर अब श्री कृष्ण जन्म स्थान सेवा संस्थान के पदाधिकारी फलाहारी महाराज के खिलाफ उतर आए हैं।

श्री कृष्ण जन्म सेवा संस्थान के पदाधिकारी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया है। इसको लेकर हिंदूवादी नेता दिनेश फलाहारी के खिलाफ थाना गोविंद नगर में एक शिकायती पत्र सौंपा है। पुलिस को दी गई तहरीर में श्री कृष्ण जन्म स्थान के पदाधिकारी ने दिनेश फलाहारी पर 20 लाख की चौथ मांगने का आरोप लगाया है।

बता दें 2 दिन पहले हिंदूवादी नेता दिनेश फलाहारी जो स्वयं श्री कृष्ण जन्मस्थान संघर्ष न्यास के अध्यक्ष हैं। उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर आने वाले चढ़ावे की सीबीआई जांच कराए जाने की मांग की थी। इसके बाद श्री कृष्णजन्म स्थान सेवा संस्थान के उप प्रबंधक अनुराग पाठक एवं जनसंपर्क अधिकारी विजय बहादुर ने श्री कृष्ण सेवा संस्थान पर लगाए आरोपों को गलत बताते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

यह शिकायत ऐसे समय में दर्ज कराई गई है जब एक दिन पूर्व फलाहारी महाराज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर श्री कृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान द्वारा दान के कथित कुप्रबंधन की सीबीआई से जांच कराने की मांग की।

गोविंद नगर पुलिस थाना प्रभारी को संबोधित शिकायत में संस्थान के उप प्रबंधक अनुराग पाठक ने आरोप लगाया कि दिनेश शर्मा की आपराधिक पृष्ठभूमि है और वह धोखाधड़ी से जुड़े कई मामलों में संलिप्त हैं।

अनुराग पाठक का आरोप है कि शर्मा ने श्रद्धालुओं और दानदाताओं को भ्रमित करने के लिए पंजीकृत श्री कृष्ण जन्मस्थान से जुड़े ट्रस्टों से मिलते जुलते नाम श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास नाम से एक ट्रस्ट बना रखा है। शिकायत के मुताबिक, शर्मा इस ट्रस्ट के जरिए दान का संग्रह करते रहे हैं और अपने निजी उपयोग के लिए उसका उपयोग कर रहे हैं।

श्री कृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के जनसंपर्क अधिकारी विजय बहादुर सिंह ने कहा कि इस मामले को पुलिस के संज्ञान में लाया गया है और जांच जारी है। इन आरोपों के संबंध में दिनेश फलाहारी महाराज से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। पुलिस ने कहा कि इस मामले में जांच चल रही है और तथ्य सामने आने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।



Related