पश्चिम बंगाल में बुधवार (6 मई) देर रात शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के आरोप में उत्तर प्रदेश के बलिया निवासी राज सिंह उर्फ चंदन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस आरोपी को पकड़ने के लिए उत्तर प्रदेश, बिहार और बंगाल पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन के तहत राज सिंह समेत तीन आरोपियों को पकड़ा है। अब राज सिंह की मां जामवंती सिंह ने अपने बेटे की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया दी है और अपने बेटे को निर्दोष बताया है।
राज सिंह की मां ने गिरफ्तारी को फर्जी बताया है। आरोपी की मां का दावा है कि उसके बेटे को 9 मई को आयोध्या से गिरफ्तार किया गया है। वो अपने बेटे के साथ अयोध्या दर्शन के लिए गई थी। इस गिरफ्तारी का राज सिंह की मां ने विरध किया और दावा किया कि उनका बेटा कभी कोलकाता गया ही नहीं और न ही वहां कोई रिश्तेदारी है।
न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में राज सिंह की मां ने कहा, “उन लोगों ने हमको दबोच लिया, हमारी गाड़ी रोक ली। हमारे बच्चे को उतार लिया। हमको महिला थाने में डाल दिया। रातभर नहीं जानते क्या हुआ हमारे बच्चे के साथ। हम महिला थाने में बैठी रही। सुबह उठी हूं तो करीब 1-2 बजे के बीच हमारे बच्चे से मिलवाया गया है। उसी समय मेरे बाबू को ये बोले की फ्लाइट से लेकर जा रहे हैं। कह रहे थे कोलकाता की टीम आई है, कोलकाता की पुलिस लेकर चली गई। हम क्या करें वो लेकर चली गई और हम रोते रहे।”
आरोपी की मां ने रोते हुए आगे कहा, “उन्होंने बताया कि किसी मामले में पूछताछ के लिए लेकर जा रहे हैं, फिर छोड़ देंगे। ऐसा कहा उन लोगों ने और आज तक कुछ पता नहीं है कि मेरा बेटा कहां है। बस यही चाहती हूं कि आप लोग जाकर 1, 2, 6, 7 या 8 किसी भी तारिख को देख लें, हमारे घर में सीसीटीवी कैमरा है। वो जाकर शहर में मार्केटिंग किया है, सामान खरीदा है। सबकुछ है मेरे पास.. वो कहीं नहीं गया था..वो घर में था।”
जानकारी के लिए बता दें कि उत्तर प्रदेश के बलिया निवासी राज सिंह इस हत्याकांड में शामिल शूटर है। रविवार देर रात पश्चिम बंगाल पुलिस ने अयोध्या पुलिस की मदद से राज सिंह को हिरासत में लिया था। राज सिंह के फेसबुक प्रोफाइल के मुताबिक, वह अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा उत्तर प्रदेश का महासचिव है। वह चिलकहर ब्लॉक प्रमुख पद के लिए दावेदारी कर रहा था और सभासद चुनाव लड़ने की भी तैयारी में था।
