शामली: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर जारी खींचतान के बीच सपा सांसद इकरा हसन ने कांग्रेस से गठबंधन में सहयोग और समझौते की भावना दिखाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि संसद में नेता प्रतिपक्ष का पद हासिल करने में सपा ने कांग्रेस का पूरा साथ दिया था और अब यूपी चुनाव में भी कांग्रेस से इसी तरह की प्रतिबद्धता की उम्मीद है।
इकरा हसन ने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की लड़ाई में समाजवादी पार्टी हमेशा उसके साथ खड़ी रही है। नेता प्रतिपक्ष का पद हासिल करने के मामले में भी सपा ने कांग्रेस का समर्थन किया था। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से भी इसी तरह के सहयोग और सामंजस्य की अपेक्षा है।
सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत जारी है। सूत्रों के मुताबिक, सपा ने शुरुआती बातचीत में कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है, जबकि कांग्रेस 120 सीटों की मांग कर रही है और इससे कम पर सहमत नहीं है।
इस बीच इकरा हसन ने गठबंधन में बढ़ती तल्खी को कम करने की कोशिश करते हुए कहा कि कांग्रेस के लिए सीटों की कोई अधिकतम सीमा तय नहीं है। कांग्रेस को उतनी सीटें मिलनी चाहिए, जहां उसके जीतने की संभावना मजबूत हो। उन्होंने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद से भी विवादित बयान देने से बचने की अपील की।
इकरा हसन ने कहा कि सपा ने कांग्रेस के खिलाफ कोई अपमानजनक टिप्पणी नहीं की है और आगे भी ऐसा नहीं करना चाहती। उन्होंने कहा कि गठबंधन के सहयोगियों को मीडिया और जनता के बीच विवाद पैदा करने वाले बयानों से बचना चाहिए।
दरअसल, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा के 26 सीटों के प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि कांग्रेस किसी से सीटों की भीख नहीं मांग रही है। इसके बाद दोनों दलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई।
सपा की ओर से उम्मीदवारों की पहली पांच सदस्यीय सूची जारी किए जाने के बाद भी विवाद बढ़ा है। इसमें सहारनपुर की बेहट सीट से उमर अली खान, सहारनपुर से आशु मलिक, शामली की कैराना सीट से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी के नाम शामिल हैं। सहारनपुर सीट को लेकर खास चर्चा है, क्योंकि यहां से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद लोकसभा सदस्य हैं।
इकरा हसन ने बताया कि कांग्रेस को दिए गए 26 सीटों के प्रस्ताव में दो ऐसी सीटें हैं, जहां फिलहाल कांग्रेस के विधायक हैं। इसके अलावा चार सीटें ऐसी हैं, जहां कांग्रेस 2022 के विधानसभा चुनाव में दूसरे स्थान पर रही थी। बाकी 20 सीटें कांग्रेस की अपनी सूची से शामिल की गई हैं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सपा के मौजूदा विधायकों वाली पांच सीटों पर कोई समझौता नहीं होगा। इकरा हसन के मुताबिक, जिन सीटों पर कांग्रेस की जीत की मजबूत संभावना होगी, उन पर बातचीत के लिए सपा तैयार है।
उन्होंने कहा कि सपा 2027 के विधानसभा चुनाव को पूरी गंभीरता से लड़ रही है और पिछले चुनाव में मिली हार के कारणों का हर सीट पर विश्लेषण कर रही है, ताकि पिछली गलतियां न दोहराई जाएं। उन्होंने कांग्रेस से भी इसी तरह गंभीरता दिखाने की उम्मीद जताई।
गौरतलब है कि 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। सपा ने 347 सीटों पर चुनाव लड़कर 111 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस ने 399 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और उसे केवल दो सीटों पर जीत मिली थी।
