लव-जिहाद: दिल्ली से चिट्ठी आते ही एक ही परिवार के 11 लोगों पर केस, मुख्य आरोपी फरार


पुलिस ने बताया कि जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उन पर आरोप है कि वे सभी आरोपी जावेद के लगातार संपर्क में थे। मुख्य आरोपी जावेद के अलावा अन्य 5 लोग भी फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है।



नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में ‘लव जिहाद’ का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के पूरे परिवार के 11 लोगों खिलाफ केस दर्ज कर 6 सदस्यों को जेल भी भेज दिया है। वहीं मुख्य आरोपी युवक सहित पांच अन्य लोग फरार हो गए हैं, जिन पर पुलिस ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।

बताया जाता है कि एटा जिला की रहने वाली 21 साल की युवती का मुस्लिम युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। एक महीने पहले वह घर से भाग गई और दिल्ली जाकर कथित धर्म परिवर्तन के बाद मुस्लिम से शादी रचा ली। इसका पता तब चला जब जावेद के पिता को दिल्ली से वकील का लेटर मिला, जिसमें धर्म परिवर्तन और शादी की बात का जिक्र था।

पुलिस के अनुसार, ‘जावेद और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ आईपीसी के सेक्शन 366 के साथ ही उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अध्यादेश के तहत केस दर्ज कर लिया है। अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।’ लड़की 17 नवंबर से ही गायब थी।

मुख्य आरोपी 25 साल के मोहम्मद जावेद सहित उसके परिवार के 11 लोगों के खिलाफ जालेसर थाने में केस दर्ज किया गया, जिसमें 3 महिलाएं भी शामिल हैं। इनमें से 6 लोगों को जेल भेज दिया गया है। एसएचओ कृष्णपाल सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोग इस पूरे मामले में शामिल रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उन पर आरोप है कि वे सभी आरोपी जावेद के लगातार संपर्क में थे। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी जावेद के अलावा अन्य 5 लोग भी फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है। जलेसर थाना प्रभारी ने बताया कि लड़की के पिता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।

पुलिस ने बताया कि एटा में लड़की के घर के पास ही जावेद की कपड़ों की दुकान थी। जावेद अभी फरार है, जबकि उसके साथ के चार रिश्तेदारों की गिरफ्त से दूर हैं। पुलिस ने अब पांचों पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है।



Related