मुजफ्फरनगर की कई खाप 17 दिसंबर को किसान आंदोलन में होंगी शामिल 


‘अखिल खाप परिषद’ के सचिव सुभाष बालियान ने कहा कि शाहपुर पुलिस थानांतर्गत क्षेत्र के शोरम गांव में सोमवार को हुई खाप प्रमुखों की बैठक में यह निर्णय लिया गया।


भाषा भाषा
उत्तर प्रदेश Updated On :

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में कई खापों ने केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों के विरोध में किए जा रहे किसान आंदोलन को समर्थन दिया है और वह 17 दिसंबर को दिल्ली की सीमाओं पर विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे।

‘अखिल खाप परिषद’ के सचिव सुभाष बालियान ने कहा कि शाहपुर पुलिस थानांतर्गत क्षेत्र के शोरम गांव में सोमवार को हुई खाप प्रमुखों की बैठक में यह निर्णय लिया गया।  खाप प्रमुखों ने केंद्र के नए कृषि कानूनों को किसान विरोधी करार दिया और उन्हें वापस लेने की मांग की।

बालियान ने कहा कि उन्होंने 17 दिसंबर को दिल्ली जाकर आंदोलन को समर्थन देने का फैसला किया है।

उन्होंने बताया कि बैठक में बालियान खाप प्रमुख और भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत, लतियान खाप प्रमुख बिजेंदर सिंह, देश खाप प्रमुख शरणवीर सिंह, अहलावत खाप प्रमुख गजेंद्र सिंह, निरवाल खाप प्रमुख राजवीर मुंडेत, कुंडू खाप प्रमुख चौधरी उपेंद्र कुंडू और बेनीवाल खाप प्रमुख अमित बेनीवाल उपस्थित थे।



Related