बिस्मिल्लाह खां के पुराने मकान की मरम्मत खुद कराएंगे पोते, सरकारी मदद से किया इनकार

मोहम्मद चितैन बोले- जर्जर मकान का पुनर्निर्माण निजी स्तर पर होगा, अखिलेश यादव ने पहले उठाए थे बुलडोजर कार्रवाई पर सवाल।

वाराणसी। भारत रत्न से सम्मानित शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के पुराने आवास को कथित तौर पर गिराए जाने को लेकर उठे विवाद के बीच उनके पोते मोहम्मद चितैन ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि मकान की मरम्मत और पुनर्निर्माण वह खुद कराएंगे। इसमें किसी सरकार या बाहरी एजेंसी की कोई भूमिका नहीं है।

चितैन ने बताया कि मकान पूरी तरह जर्जर अवस्था में है। उन्होंने कहा कि वह इसका पुनर्निर्माण अपने स्तर पर कराएंगे और इसमें सरकार या किसी अन्य पक्ष की भागीदारी नहीं है।

इससे पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को इस मामले को लेकर भाजपा पर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि उत्तर प्रदेश सरकार ने भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की है। यादव ने भाजपा और उसके सहयोगियों पर कला एवं कलाकारों के प्रति संकीर्ण सोच रखने का आरोप लगाया था।

एक्स पर पोस्ट में अखिलेश यादव ने लिखा था कि रचनात्मक लोग सामाजिक बदलाव की जमीन तैयार करते हैं और सकारात्मक कला समाज में सहानुभूति तथा सहिष्णुता को बढ़ावा देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कला को अपने राजनीतिक एजेंडे के अनुकूल इस्तेमाल करना चाहती है।

अखिलेश यादव ने उस्ताद बिस्मिल्लाह खां की साझा विरासत को नुकसान पहुंचाने को देश के सम्मान से भी जोड़ते हुए कहा था कि भारत रत्न से सम्मानित व्यक्ति की विरासत को नष्ट करना उनके सम्मान के साथ-साथ देश के सम्मान को भी ठेस पहुंचाने जैसा है।

First Published on: November 10, 2026 9:49 AM
Exit mobile version