ईरान अपने सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई की मौत के शोक में डूबा है। पूरा देश मातम मना रहा है। इस बीच स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। हॉर्मुज में दो जहाजों पर हमला हो गया है। इसकी वजह से दोनों जहाजों को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि अटैक में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अमेरिका ने इस हमले को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए ईरान को जिम्मेदार ठहराया है।
पत्रकार बराक राविद की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों जहाजों को मिसाइलें लगीं और उन्हें गंभीर नुकसान पहुंचा है। अहम बात यह है कि जहाजों पर सवार सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हॉर्मुज से गुजर रहे दोनों जहाजों पर ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने अटैक किया है। फिलहाल, इस घटना को लेकर ईरान की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
अमेरिका और ईरान के बीच कई दिनों तक युद्ध चलने के बाद सीजफायर पर सहमति बनी थी। हालांकि तनाव की स्थिति अभी भी बनी हुई है। ईरान ने अमेरिकी अटैक की वजह से अपने सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई को खो दिया। खामेनेई के साथ ईरान के और कई अधिकारी मारे गए। यूएस के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में बयान दिया कि उनकी सेना ने ईरान को बुरी तरह पीटा और अब मातम मनाने का वक्त दिया है।
खामेनेई के अंतिम संस्कार का कार्यक्रम करीब 5-6 दिन चलेगा। उनके शव को ईरान को कोम शहर की जमकरन मस्जिद ले जाया गया। इसके बाद खामेनेई का पार्थिव शरीर इराक भी जाएगा। वहीं 9 जुलाई को खामेनेई के गृह शहर मशहद में शव को दफनाया जाएगा।
