जंग के बीच ईरान ने पाकिस्तान के नूर एयरबेस पर उतारे लड़ाकू विमान

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से दावा किया गया है कि पाकिस्तान ने अपने एयरबेस पर ईरानी मिलिट्री जेट्स को रुकने की अनुमति दी है। माना जा रहा है कि पाकिस्तान ने यह कदम ईरान यूएस के हवाई हमलों से बचाने के लिए उठाया। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब पाकिस्तान खुद को अमेरिका और ईरान के बीच शांतिदूत या मध्यस्थ के रूप में पेश कर रहा है।

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, अप्रैल की शुरुआत में जब यूएस-ईरान के बीच सीजफायर का ऐलान किया गया था, उसके कुछ ही दिनों बाद ईरान ने अपने कई विमान पाकिस्तान के रावलपिंडी स्थित ‘नूर खान एयरबेस’ भेजे थे। इन विमानों में खास तौर से ‘RC-130’ शामिल था, जो खुफिया जानकारी जुटाने और निगरानी के काम आता है। इसके अलावा ईरान ने अपने कुछ सिविलियन विमानों को सुरक्षा के लिहाज से अफगानिस्तान भी भेजा है, जिससे युद्ध के दौरान उन्हें तबाह होने से बचाया जा सके।

पाकिस्तान ने इस दावों को खारिज किया है। पाकिस्तानी अधिकारियों का कहना है कि नूर खान एयरबेस शहर के बीचों-बीच स्थित है, वहां इतने बड़े विमानों को लोगों की नजरों से छिपाकर रखना नामुमकिन है। तालिबान ने भी अफगानिस्तान में ईरानी विमानों की मौजूदगी से इनकार किया है। हालांकि, अमेरिका में इस रिपोर्ट को लेकर काफी नाराजगी है और कुछ अमेरिकी सीनेटरों ने चेतावनी दी है कि अगर यह सच साबित होता है तो पाकिस्तान के साथ रिश्तों पर फिर से विचार करना होगा।

जंग को खत्म करने के लिए बीते महीने अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान में आमने-सामने की शांति वार्ता हो चुकी है, लेकिन यह बेनतीजा रही थी। ईरान ने जंग को खत्म करने के लिए युद्ध में हुए नुकसान के लिए मुआवजे और होर्मुज में नाकाबंदी खत्म करने की मांग की थी। हालांकि, हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के इस प्रस्ताव को पूरी तरह से ‘अस्वीकार्य’ बताते हुए खारिज कर दिया है, जिससे युद्ध खत्म होने की उम्मीदों को झटका लगा है।

First Published on: May 12, 2026 9:41 AM
Exit mobile version