ब्रिटेन की डचेस ऑफ एडिनबर्ग सोफी 9 से 11 नवंबर तक बांग्लादेश के दौरे पर रहेंगी

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
विदेश Updated On :

ढाका। ब्रिटेन की डचेस ऑफ एडिनबर्ग प्रिंसेस सोफी 9 से 11 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर बांग्लादेश पहुंचेंगी। इस यात्रा का उद्देश्य भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश के साथ ब्रिटेन की साझेदारी को मजबूत करना और महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा मानवीय सहायता जैसे मुद्दों पर सहयोग बढ़ाना है।

रॉयल कम्युनिकेशंस की ओर से 7 नवंबर को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, अपनी यात्रा के दौरान डचेस ढाका में बांग्लादेश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की पत्नी जुबैदा रहमान से मुलाकात करेंगी। इन बैठकों में महिलाओं और लड़कियों के कल्याण, सुरक्षा और सशक्तीकरण से जुड़े साझा मुद्दों पर चर्चा होगी।

प्रिंसेस सोफी बांग्लादेश इंस्टीट्यूट ऑफ पीस सपोर्ट ऑपरेशन ट्रेनिंग (BIPSOT) का भी दौरा करेंगी। यहां वह संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों में बांग्लादेश की भूमिका और शांति एवं सुरक्षा के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी के महत्व को समझेंगी।

इसके अलावा, वह बांग्लादेश क्रिड़ा शिक्षा प्रतिष्ठान (BKSP) में युवा खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगी। इनमें महिला हॉकी खिलाड़ी भी शामिल होंगी। इस दौरान खेलों के माध्यम से महिलाओं और लड़कियों के लिए अवसर बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।

अपनी यात्रा के दौरान डचेस बांग्लादेश में ब्रिटिश काउंसिल के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होंगी। यह कार्यक्रम शिक्षा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के क्षेत्र में दोनों देशों के संबंधों को रेखांकित करेगा।

मानवीय सहायता से जुड़े कार्यक्रमों के तहत प्रिंसेस सोफी कॉक्स बाजार भी जाएंगी। वहां वह रोहिंग्या शरणार्थियों की सहायता के लिए काम कर रहे संगठनों की गतिविधियों का जायजा लेंगी। इस दौरान उन्हें विस्थापित महिलाओं, लड़कियों और परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही सुरक्षा एवं सहायता सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही पुनर्वास, समावेशन, नेतृत्व और आत्मनिर्भरता से जुड़े प्रयासों पर भी चर्चा होगी।

गौरतलब है कि विदेश, राष्ट्रमंडल एवं विकास कार्यालय (FCDO) के अनुरोध पर हो रही यह यात्रा प्रिंसेस सोफी की बांग्लादेश की दूसरी यात्रा होगी। इससे पहले वह वर्ष 2017 में भी बांग्लादेश का दौरा कर चुकी हैं।



Related