तुमसे न हो पाएगा, नहीं संभल रहा हिजबुल्लाह तो सीरिया को लड़ने दो… नेतन्याहू पर भड़के ट्रंप

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
विदेश Updated On :

ईरान के साथ डील फाइनल होने के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल पर गुस्सा जाहिर किया है। जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान कतर के अमीर से मुलाकात के दौरान ट्रंप ने हिजबुल्लाह को लेकर बेंजामिन नेतन्याहू की रणनीति पर नाराजगी जताई और कहा कि हिज्बुल्लाह से निपटने में सीरिया इजरायल से बेहतर काम कर सकता है। ट्रंप के इस बयान ने मिडिल ईस्ट की जियो पॉलिटिक्स में नई बहस छेड़ दी है।

अमेरिका राष्ट्रपति ट्रंप से पूछा गया कि हिजबुल्लाह इजरायल के लिए ऐसी समस्या बना हुआ है, जो बार-बार सामने आती रहती है। इसके जवाब में ट्रंप ने कहा, सीरिया के मौजूदा नेता को सत्ता में लाने में मैंने और तुर्किए के राष्ट्रपति एर्दोगन की महत्वपूर्ण भूमिका थी। उस नेता ने सीरिया को एकजुट करने को लेकर बेहतरीन काम किया है। सीरिया का यह नेता हिज्बुल्लाह को पसंद नहीं करता है, इसलिए सीरिया बेहतर तरीके से उससे लड़ सकता है।’ इस दौरान इजरायल को लेकर ट्रंप की नाराजगी खुलकर देखने मिली।

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच चल रही लंबी जंग में बहुत से लोग मारे जा रहे हैं। निर्दोष नागरिकों की रिहायशी इमारतों को गिराया जा रहा है। इस नुकसान को रोकने के लिए इजरायल हिजबुल्लाह का मामला सीरिया को संभालने दे क्योंकि वह ज्यादा प्रभावी ढंग से लड़ सकता है।’

ईरान और पाकिस्तान का कहना है कि अमेरिका के साथ हुए समझौते में लेबनान भी शामिल है। डील को फाइनल हुए 24 घंटा भी नहीं गुजरे थे कि इजरायल ने लेबनान पर हमला कर अपने इरादे साफ कर दिए। दक्षिणी लेबनान के जवतार, मरकबा और खियाम शहर में इजरायल ने हवाई और आर्टिलरी हमले किए, जिससे ट्रंप नाराज हो गए। इजरायली नेशनल सिक्योरिटी मिनिस्टर इतामार बेन-ग्वीर ने कहा, ‘इजरायल एक स्वतंत्र और संप्रभु राष्ट्र है। ट्रंप का समझौता हमें बाध्य नहीं करता।’

इस हमले के बाद ट्रंप ने इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू को नसीहत दी कि उन्हें लेबनान के मामले में ज्यादा जिम्मेदार होना होगा। उन्होंने कहा कि बेरूत पर इजरायल का हमला ठीक नहीं था। वह इजरायल की इस कार्रवाई से नाखुश हैं।