शुभेंदु अधिकारी PA हत्याकांड: बिहार के विशाल श्रीवास्तव को उठा ले गई बंगाल पुलिस

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
क्राइम Updated On :

बक्सर। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की सनसनीखेज हत्या के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। बंगाल एसटीएफ की एक विशेष टीम ने सोमवार को बिहार के बक्सर जिले में स्थानीय पुलिस के सहयोग से बड़ी छापेमारी की। इस दौरान मुफस्सिल थाना अंतर्गत पांडेयपट्टी इलाके से कुख्यात अपराधी विशाल श्रीवास्तव को दबोच लिया गया है।

एसटीएफ की टीम विशाल को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए सीधे कोलकाता रवाना हो गई है। बता दें कि 9 मई को सीएम पद की शपथ लेने से पहले ही शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या 6 मई को उत्तर 24 परगना जिले के मध्यग्राम (कोलकाता एयरपोर्ट से लगभग 3 किमी दूर) में की गई थी। इसी मामले की जांच का दायरा बिहार तक पहुंच गया है और इसमें विशाल श्रीवास्तव के कनेक्शन भी निकल आया है।

विशाल श्रीवास्तव बक्सर जिले का एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और मोस्ट वांटेड अपराधी है, जिसका नाम जिले की ‘टॉप-10’ अपराधियों की सूची में शामिल रहा है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट और अपहरण जैसे संगीन अपराधों के डेढ़ दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से बिहार पुलिस की रडार पर था, लेकिन इस बार बंगाल एसटीएफ ने उसे एक हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में उठाया है।

पुलिस सूत्रों का मानना है कि चंद्रनाथ रथ की हत्या में विशाल की भूमिका काफी महत्वपूर्ण हो सकती है। शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में उसका नाम सामने आने से वह एक बार फिर चर्चा में है।

विशाल श्रीवास्तव पर हत्या, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और अपहरण जैसे संगीन अपराधों के 20 से 22 से अधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ दर्ज अधिकांश मामले बक्सर जिले के नगर थाना और मुफस्सिल थाना क्षेत्र से संबंधित हैं। वह बक्सर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रमडिहा गांव का मूल निवासी है।

जून 2020 में बक्सर पुलिस ने विशाल को एक बड़े सोना लूटकांड में संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया था। उस समय उसके पास से एक लोडेड पिस्तौल भी बरामद हुई थी। वह काफी समय तक उत्तर प्रदेश के वाराणसी में छिपकर रह रहा था। जुलाई 2023 में उसे बक्सर पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर चौसा रेलवे स्टेशन के पास से तब गिरफ्तार किया जब वह ट्रेन पकड़कर भागने की फिराक में था।

शुभेंदु अधिकारी के करीबी और पूर्व एयरफोर्स जवान चंद्रनाथ रथ की हत्या 6 मई 2026 की रात में बंगाल के मध्यमग्राम (उत्तर 24 परगना) में कर दी गई थी। हमलावरों ने उनकी गाड़ी को घेरकर करीब 10 राउंड फायरिंग की थी, जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों से बिहार के शार्प शूटर्स के शामिल होने के सुराग मिले थे। इसके बाद बंगाल STF ने बिहार में अपना ऑपरेशन तेज किया।

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि इस हत्याकांड के लिए बिहार से कॉन्ट्रैक्ट किलर्स बुलाए गए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस मर्डर के लिए लगभग 40 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। एसटीएफ को संदेह है कि विशाल श्रीवास्तव या तो इस साजिश का हिस्सा था या उसे शूटरों और उनके नेटवर्क की पूरी जानकारी है।

विशाल की गिरफ्तारी के बाद बक्सर और बंगाल दोनों जगह प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। बक्सर एसपी ने पुष्टि की है कि बंगाल एसटीएफ की टीम एक संदिग्ध को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। एसटीएफ का मानना है कि विशाल से पूछताछ के बाद इस मर्डर मिस्ट्री के पीछे छिपे असली मास्टरमाइंड और साजिशकर्ताओं के चेहरों से नकाब हट सकता है।



Related