महाराष्ट्र: किसानों को मिली कर्जमाफी की दूसरी किस्त

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
महाराष्ट्र Updated On :

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि महायुति सरकार राज्य के किसानों, महिलाओं, युवाओं और आम लोगों के हितों को प्राथमिकता देते हुए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के लिए किसानों का हित सबसे महत्वपूर्ण है।

ऐसे में सरकार ने जिन किसानों के कर्ज को माफ करने का वादा किया था उसे धीरे-धीरे चरणबद्ध तरीके से पूरा करने की दिशा में काम कर रहे हैं। ये बातें उपमुख्यमंत्री शिंदे ने मुंबई में पत्रकारों से बातचीत में कही हैं।

उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में जानकारी दी कि कर्जमाफी की दूसरी किस्त की राशि सोमवार को किसानों के खातों में जमा की गई। इससे पहले लगभग छह लाख से अधिक किसानों के खातों में पांच हजार करोड़ रुपये जमा किए गए थे। इस तरह अब तक कुल 10 हजार करोड़ रुपये की राशि किसानों के खातों में जमा की जा चुकी है।

उन्होंने आगे बताया कि मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहीण योजना के तहत महिलाओं के खातों में भी निर्धारित समय के अनुसार पैसे जमा किए जा रहे हैं। इस योजना की अगली किस्त भी तय समय पर पात्र महिलाओं के खातों में जमा होगी। मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहीण योजना शुरू होने के बाद से महिलाओं को आर्थिक सहारा देने का काम किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा देते हुए कहा कि कितने भी प्रयास किए जाएं ये योजना कभी बंद नहीं होगी।

मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि युवाओं के हाथों को काम मिलना चाहिए, जिसके लिए युवाओं को शिक्षा, रोजगार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होना जरूरी है। महायुति सरकार के कार्यकाल में स्टार्टअप से लेकर स्किल डेवलपमेंट तक और रोजगार से लेकर उद्योग-उद्यमिता तक विभिन्न माध्यमों से युवाओं को काम मिले ऐसी कोशिशें की जा रही हैं।

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी भारत को युवाओं के देश के रूप में देखते हैं इसलिए केंद्र सरकार ने देश के युवाओं के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। राज्य सरकार ने भी रोजगार, कौशल विकास और उद्योगों के माध्यम से युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया है।

शिंदे ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, “सिर्फ झूठे आश्वासन देकर जनता द्वारा नकारे जा चुके लोगों को युवाओं के मुद्दों पर राजनीति करने की बजाय यह देखना चाहिए कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं के लिए क्या काम किया है। देश की 140 करोड़ जनता और युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैं।”

उन्होंने स्पष्ट किया कि देश और दुनिया भर में नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता उनके विरोधियों के पेट में दर्द का कारण बनी हुई है। इसी वजह से युवाओं के कंधे पर बंदूक रखकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने का काम किया जा रहा है, लेकिन कितनी भी राजनीति की जाए, देश का युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जानता है और उनके काम को स्वीकार कर रहा है।

शिंदे ने कहा, “रोटी, कपड़ा, मकान और रोजगार देने वाली यह मोदी की सरकार है। इसके साथ ही महायुति की राज्य सरकार भी लाखों लोगों को रोजगार और नौकरियां देने के लिए विभिन्न स्तरों पर काम कर रही है। उद्योग, स्टार्टअप, कौशल विकास और रोजगार सृजन के माध्यम से युवाओं को अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए सरकार प्रयासरत है।”

शिंदे ने बताया कि सरकार मनोज जरांगे-पाटील के मुद्दों पर भी सकारात्मक रूप से चर्चा कर रही है। उनसे मिलने के लिए महायुति के मंत्री गए हैं। उनके मुद्दों की जानकारी लेने और समस्याओं को समझने के लिए बातचीत जारी है। हमें विश्वास है कि इस चर्चा से कोई रास्ता निकलेगा।

शिंदे ने कहा कि कोंकण में गणेशोत्सव के लिए लाखों की संख्या में गणेश भक्त जाते हैं। इन गणेश भक्तों के स्वागत और उनकी यात्रा के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में उचित कदम उठाये जा रहे हैं। गणेश भक्तों के लिए एसटी महामंडल (MSRTC) के माध्यम से मुफ्त सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल पिछले कई वर्षों से चलाई जा रही है। गणेशोत्सव गणेश भक्तों की आस्था और भावनाओं का पर्व है और उनके स्वागत के लिए आवश्यक सुविधाएं और अनुकूल वातावरण तैयार करने पर सरकार का जोर है। गणेश भक्तों के स्वागत के लिए बैनर भी लगाए गए हैं।

शिंदे ने कहा कि यदि जुलूस के संदर्भ में हिंदुत्व की भूमिका को कमजोर करने या अलग लाइन लेने का प्रयास किया गया, तो भी हम स्वर्गीय बालासाहेब ठाकरे और स्वर्गीय आनंद दिघे साहेब के विचारों और शिक्षाओं को याद रखते हुए आगे बढ़ते रहेंगे। गणेशोत्सव, गणेश भक्तों और हिंदू संस्कृति से जुड़ी परंपराओं का सम्मान बनाए रखना हमारी भूमिका है।