‘हमें चेन से बांधकर UP ले जाएं’, अंकित बालियान के शूटर्स को एनकाउंटर का खौफ

बबली कुमारी
क्राइम Updated On :

हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की शामली में हुई हत्या के बाद से यूपी पुलिस एक्शन में है और चार में से दो आरोपी शूटर्स को पकड़ चुकी है। मुठभेड़ में दोनों आरोपियों को गोली लगी जिससे उनकी मौत हो गई। इस एनकाउंटर का खौफ बाकी दो आरोपी शूटर्स में साफ देखने को मिल रहा है। इस बात का अंदाजा यूं लगाया जा सकता है कि आरोपियों ने लखनऊ कोर्ट में अपील की है कि जब पुलिस उन्हें पकड़ने आए तो चेन में बांधकर यूपी ले जाएं।

जानकारी के लिए बता दें कि यूपी पुलिस ने आरोपी आर्यन और सत्यम को हिरासत में ले लिया है जबकि मोहित और सुमित नाम के दो आरोपियों की मुठभेड़ में मौत हो गई। उन्हें कई गोलियां लगी थीं।

इससे पहले हरियाणा की करनाल जेल में बंद गैंगस्टर राकेश उर्फ पंपू ने भी अपने मारे जाने की आशंका जताते हुए कोर्ट से पुख्ता सुरक्षा की मांग की थी। दरअसल, अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए यूपी पुलिस गैंगस्टर राकेश तक पहुंची है। ऐसे में उसे पूछताछ के लिए करनाल से यूपी लाया जा सकता है। इसी बीच राकेश ने अपील डाली है कि पूरे रास्ते उसे पुख्ता सुरक्षा मिले और पूरे सफर की वीडियोग्राफी हो। राकेश पंपू ने यह अपील पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट में की थी।

अंकित हत्याकांड में शामिल दो शूटर्स, सुमित और मोहित के बारे में पुलिस को पता चला था कि दोनों हरियाणा से आते हैं। इसके बाद पुलिस ने उनका नाम, पता, परिवार आदि की जानकारी ढूंढकर दोनों आरोपियों को खोज निकाला। अंकित की हत्या के पांच दिन बाद शामली में दोनों शूटर्स का एनकाउंटर कर दिया गया। जहां दोनों आरोपियों को मारा गया, वह जगह अंकित की हत्या वाली जगह से महज दो ढाई किलोमीटर दूर थी।

हरियाणवी गायक अंकित बालियान शामली में अपने जिम से बाहर निकले थे और कार की ओर जा रहे थे। शाम के करीब 7।00 बज रहे थे। अंकित अपनी गाड़ी तक पहुंचे भी नहीं थे कि चार बदमाशों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया कि अंकित को करीब 14 गोलियां लगी थीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।



Related