मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर के मुद्दे पर विपक्ष मोदी सरकार पर हमलावर है। सोमवार को नेता विपक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में इंडिया गठबंधन ने सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकाला और आज (13 अक्टूबर 2026) राहुल गांधी ने शाम 4 बजे इंडिया गठबंधन के सांसदों को चाय पर बुलाया है। यही से आगे की रणनीति तय की जाएगी।
इंडिया गठबंधन के नेता आज शाम को सुनहरी बाग रोड नई दिल्ली में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। इसमें राहुल गांधी के अलावा बंगाल की पूर्व सीएम और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी और अन्य कई विपक्षी नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। इसके अलावा दिल्ली हाईकोर्ट में आज जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के लिए बंद किए जाने के मामले पर सुनवाई होगी।
बीते रोज विपक्ष की लीगल टीम ने चुनाव आयोग की कथित अनियमितताओं को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की। यह याचिका राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव समेत 11 विपक्षी नेताओं द्वारा दायर की गई है। इनमें राहुल गांधी और खरगे के अलावा टीएमसी के सौगत रॉय, अखिलेश यादव, तेजस्वी प्रसाद यादव, संजय राउत, एमए। बेबी, डी। राजा, महुआ माजी, सुप्रिया सुले और ई। टी। मोहम्मद बशीर शामिल हैं।
राहुल गांधी ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी, जिसमें उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त को माफ करने की बात कही थी हालांकि राहुल गांधी ने सीईसी के इस्तीफे की साफतौर पर मांग की थी। राहुल गांधी ने दावा करते हुए कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के उनको मैसेज आते हैं।
नेता विपक्ष ने कहा कि आप (ज्ञानेश कुमार) गवाह बन जाओ। आपने अपराध किया है। आप मुख्य अपराधी नहीं हैं। आपने गलती की है। बहुत आसान है। इस्तीफा दीजिए और रास्ते से हट जाइए। कोई परेशानी नहीं है। हम आपको माफ करने के बारे में भी सोच सकते हैं क्योंकि वो इस देश की सेवा होगी।
