तेजपुर। असम में स्थित तेजपुर वायु सेना स्टेशन के नये ‘एयर ऑफिसर कमांडिंग’ (एओसी) एयर कोमोडोर धर्मेंद्र सिंह डांगी ने कहा है कि देश के पूर्वी क्षेत्र में यह किसी भी चुनौती का सामना करने में सक्षम है। एयर कोमोडोर डांगी ने कहा, भारतीय वायुसेना तेज गति से प्रगति कर रही है और हम किसी भी चुनौती का सामना करने में सक्षम हैं।
एयर कोमोडोर तेजपाल सिंह की जगह उन्होंने तेजपुर वायु सेना स्टेशन की कमान संभाली। एयर कोमोडोर डांगी वायुसेना की लड़ाकू इकाई में 19 दिसंबर 1992 में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि उनहोंने 2009 से 2011 तक तेजपुर वायु सेना स्टेशन में सेवा दी थी और दूसरी बार यहां से काम करने को लेकर आशान्वित हैं।
उनके पास उड़ान भरने का 3 हजार घंटे से अधिक का अनुभव है। वह एक योग्य इंस्ट्रक्टर, एक कुशल पायलट हैं और NDA के छात्र रह चुके हैं। एयर कोमोडोर डांगी ने राफेल लड़ाकू विमान को भारतीय वायुसेना में शामिल किये जाने तक फ्रांस में राफेल परियोजना प्रबंधन टीम का नेतृत्व किया था। उनके पास टाइगर मोठ विमान, मिग-21, मिग-27 और सुखोई-30 MKI से भी उड़ान भरने का अनुभव है।









