चित्रकूट में महिला को घर से खींचकर किया दुष्कर्म, 5 लोगों पर केस दर्ज


चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में एक महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कुछ लोगों ने महिला को उसके घर से बाहर खींच लिया और खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया। महिला से दुष्कर्म के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि भरतकूप थाना क्षेत्र के एक गांव की 27 वर्षीय महिला ने मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज कराई कि गत पांच मार्च की रात गांव का ही उदय यादव नामक व्यक्ति अपने चार अन्य साथियों के साथ उसके घर पहुंचा और उसे जबरन खेत में ले जाकर उससे दुष्कर्म किया। घटना के समय महिला अपने घर में अकेली थी।

उन्होंने कहा कि महिला ने यादव पर दुष्कर्म करने और उसके साथियों पर उसका सहयोग करने का आरोप लगाया है। सूत्रों ने बताया कि पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण करवाया गया है। फिलहाल आरोपी फरार हैं, उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है।



Related