P-305 पर मौजूद लोगों में से 49 अब भी लापता, नौसेना का अभियान चौथे दिन भी जारी

भाषा भाषा
देश Updated On :

मुंबई। अरब सागर में चार दिन पहले डूबे बजरे पर मौजूद लोगों में से 49 अब भी लापता हैं और उन्हें खोजने के लिए घने अंधेरे के बीच नौसेना का तलाश एवं बचाव अभियान रात भर चला। हालांकि इन लोगों के जीवित बचे होने की संभावना बृहस्पतिवार तक क्षीण हो चुकी थी।

उल्लेखनीय है कि बजरा P-305 चक्रवाती तूफान ‘ताउते’ के कारण मुंबई के तट से कुछ दूरी पर सागर में फंस गया था और फिर डूब गया था। नौसेना ने बृहस्पतिवार को हेलीकॉप्टर तैनात किए और हवाई मार्ग से तलाश एवं बचाव अभियान चलाया।

P-305 पर मौजूद लोगों में से कम से कम 26 लोगों की मौत हो चुकी है, 49 लोग अब भी लापता हैं। बेहद खराब मौसम से जूझते हुए नौसेना के जवानों ने बजरे P-305 पर मौजूद 261 लोगों में से अब तक 186 को बचा लिया है, दो लोगों को ‘टगबोट’ वारप्रदा से बचाया गया है।

एक अधिकारी ने बताया कि अब लोगों के जीवित मिलने की संभावना बहुत ही कम है। एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस ने घोषणा की है कि वह पड़ताल करेगी कि चक्रवात की चेतावनी के बावजूद ये बजरे पानी में क्यों थे।

नौसेना के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘नौसेना का तलाश एवं बचाव अभियान आज चौथे दिन भी जारी है। नौसेना के पोत तथा विमान P-305 पर मौजूद लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं। यह बजरा मुंबई तट से 35 समुद्री मील दूर पर डूब गया था।’’ बताया कि नौसेना का एक अन्य पोत आईएनएस तलवार भी इस अभियान में मदद कर रहा है।



Related