प्रसिद्ध पर्यावरणविद् एम के प्रसाद का निधन, पूर्व पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश ने जताया दुख


प्रसाद के सहयोगियों के मुताबिक कोविड संक्रमित होने के बाद उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।


भाषा भाषा
दक्षिण भारत Updated On :

कोच्चि। केरल की साइलेंट वैली में सदाबहार उष्णकटिबंधीय वर्षा वनों को विनाश से बचाने के लिए ऐतिहासिक जमीनी स्तर के आंदोलन में अग्रणी रहे प्रसिद्ध पर्यावरणविद् प्रोफेसर एम के प्रसाद का 89 साल की उम्र में सोमवार सुबह निधन हो गया। उनके सहयोगियों ने ये जानकारी दी।

प्रसाद के सहयोगियों के मुताबिक कोविड संक्रमित होने के बाद उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उम्र संबंधी बढ़ती परेशानियों के चलतेॆ इलाज के दौरान ही उनका निधन हो गया।

प्रसाद 1970 के दशक में पलक्कड जिले में ‘साइलेंट वैली’ में एक जल विद्युत परियोजना स्थापित करने के राज्य सरकार के कदम के खिलाफ राष्ट्रीय आंदोलन के पीछे एक मार्गदर्शक शक्ति थे। पारिस्थितिकी विशेषज्ञों के अथक दबाव के आगे झुकते हुए सरकार को इस परियोजना को छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा।

मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने पर्यावरण आंदोलनों के नेता के रूप में प्रसाद के योगदान को याद करते हुए उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। पूर्व पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश और राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने भी प्रसाद के निधन पर शोक व्यक्त किया।



Related