अलीगढ़ में नाबालिग के साथ 2 लोगों ने किया रेप, मेडिकल के लिए भेजी गई पीड़िता

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
क्राइम Updated On :

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के छर्रा थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक रेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ पोक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि एक किशोरी के साथ गंभीर अपराध हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश में दबिश दी। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी भागने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान एक आरोपी ने बचने के लिए मकान की ऊपरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे वह घायल हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों के आक्रोश के बीच दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। पुलिस ने हस्तक्षेप कर आरोपियों को सुरक्षित हिरासत में लिया और थाने ले गई।

पीड़िता की तबीयत बिगड़ने पर उसे उपचार और चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पोक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सीओ छर्रा का कहना है कि रात 9 बजे 112 के माध्यम से यौन उत्पीड़न की सूचना प्राप्त हुई थी। उक्त सूचना पर थाना प्रभारी छर्रा द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की तो ज्ञात हुआ कि दो व्यक्ति और एक बच्ची शराब का सेवन कर रहे थे, उक्त दोनों व्यक्तियों द्वारा शराब के नशे में बच्ची के साथ रेप किया गया है।

बच्ची को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है तथा दोनों व्यक्तियों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया है। प्रकरण में प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। वहीं आगे की कार्रवाई की जा रही है।



Related