दिल्ली में लाठी-डंडों से पीट-पीटकर युवक की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
क्राइम Updated On :

पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र के मयूर विहार फेस-3 में रविवार (6 सितंबर) सुबह करीब 5 बजे एक युवक की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। उसकी उम्र करीब 40 साल बताई जा रही है।

पुलिस को हत्या की वारदात से जुड़ा CCTV फुटेज भी मिला है। फुटेज में दो लोग दीवार के पीछे एक व्यक्ति पर हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं। दोनों आरोपी युवक को बुरी तरह पीटते नजर आ रहे हैं। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

CCTV रिकॉर्डिंग के मुताबिक, वारदात करीब सुबह 3:30 बजे की बताई जा रही है। वहीं, मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उन्होंने घटना करीब 4 से 4:30 बजे के आसपास देखी। ऐसे में घटना के सही समय को लेकर करीब एक घंटे का अंतर सामने आया है। पुलिस CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पूरी टाइमलाइन साफ करने में जुटी है।

मौके पर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड नंदलाल ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे दो युवक एक शख्स को लकड़ी से पीट रहे थे। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने मौके पर जाकर मामला शांत कराने की कोशिश की तो आरोपियों में से एक ने उन्हें धमकी दी। इसके बाद वह वहां से हट गए और PCR कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

पुलिस के पहुंचने पर एक व्यक्ति खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।

फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने में जुटी है। साथ ही CCTV फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे की वजह क्या थी और मृतक का आरोपियों से कोई पुराना विवाद था या नहीं।



Related