गांजा तस्कर गिरफ्तार, 3 किलो गांजा बरामद


नोएडा। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा में पुलिस ने दो घटनाओं में तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से तीन किलोग्राम गांजा बरामद की है। थाना सेक्टर-58 प्रभारी शावेज खान ने बताया कि मंगलवार की सुबह पुलिस ने सेक्टर 62 के पास से जगदीश तथा नन्हे लाल नामक दो गाजा तस्करों को गिरफ्तार किया। इनके पास से पुलिस ने करीब एक किलोग्राम गांजा बरामद की है।

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि वे काफी दिनों से गांजा बेचने के धंधे में संलिप्त हैं। इस बीच एक अन्य घटना में थाना सेक्टर-20 पुलिस ने एक शातिर गांजा तस्कर को सेक्टर-9 के पास से सोमवार की रात को गिरफ्तार किया है। थाना सेक्टर-20 के प्रभारी निरीक्षक आरके सिंह ने बताया कि कल रात को गश्त पर निकली थाना पुलिस ने सेक्टर-9 के पास से शौकत नामक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इसके पास से पुलिस ने दो किलोग्राम गांजा बरामद की।



Related