केंद्रीय नागर विमानन राज्य मंत्री और पुणे के सांसद मुरलीधर मोहोल ने रविवार (22 फरवरी) को कहा कि एनसीपी नेता अजित पवार की जान लेने वाले विमान हादसे की प्रारंभिक रिपोर्ट 28 फरवरी को या उससे पहले जारी की जाएगी। पवार और चार अन्य लोगों की 28 जनवरी को बारामती एयरपोर्ट के पास एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी।
पुणे में एक कार्यक्रम में पत्रकारों से बात करते हुए मोहोल ने कहा, ‘‘प्रारंभिक रिपोर्ट घटना के दिन से एक महीने के भीतर, 28 फरवरी को या उससे पहले जारी कर दी जाएगी।’’ इस घटना को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक और शरद पवार के भतीजे रोहित पवार ने कई संवाददाता सम्मेलन कर विमान कंपनी से जुड़ी कुछ अनियमितताओं और अन्य तकनीकी गड़बड़ियों का दावा किया था।
रोहित पवार ने विमान हादसे को लेकर साजिश की भी आशंका जताई थी। शनिवार (21 फरवरी) को कर्जत-जामखेड के विधायक ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर मांग की कि दुर्घटना की जांच पूरी होने तक नागर विमानन मंत्री के। राम मोहन नायडू को पद से इस्तीफा देने के लिए कहा जाए। रोहित पवार ने पत्र में कहा, ‘‘वीएसआर कंपनी और राममोहन नायडू की पार्टी (तेदेपा) से इसके संबंधों को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। इन संबंधों की जांच एक स्वतंत्र और सक्षम प्राधिकार द्वारा की जानी चाहिए।’’
पत्र की एक प्रति केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी भेजी गयी है। मोहोल ने कहा कि नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने पहले ही एक प्रेस बयान जारी कर दिया है जिसमें सर्वोच्च विमानन निकाय ने चल रही जांच से संबंधित सभी बातों पर स्पष्टीकरण दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘एजेंसी द्वारा जारी बयान में बताया गया है कि प्रारंभिक रिपोर्ट 28 फरवरी से पहले जारी कर दी जाएगी।”
सिविल एविएशन मिनिस्टर ने ये भी कहा कि जांच से जुड़ी हर जानकारी सबके सामने रखी गई है और रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी। मैं किसी की भी टिप्पणी पर कुछ नहीं कहना चाहता।” सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने 19 फरवरी को कहा था कि दुर्घटना के 30 दिनों के भीतर प्रारंभिक रिपोर्ट जारी कर दी जाएगी।
